गलती से भी न हो कहीं कोई हादसा, शहर के नालों और पुलों पर घूमे ग्रेनो अधिकारी, सुरक्षा बढ़ाने के दिए निर्देश

top-news
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सड़क सुरक्षा अभियान तेज करते हुए नालों पर बने पुलों और ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने रेलिंग मजबूत करने, रिफ्लेक्टर और कैट्स आई लगाने के निर्देश दिए। 48 दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुधार कार्य शुरू किया गया है।

ग्रेटर नोएडा की सड़कों को और सुरक्षित बनाने के लिए प्राधिकरण ने व्यापक स्तर पर अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर के विभिन्न सेक्टरों में नालों पर बने पुलों, पुलियों और सड़क किनारे नालियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। प्राधिकरण का फोकस खासतौर पर उन स्थानों पर है, जहां पहले दुर्घटनाएं हो चुकी हैं या भविष्य में हादसे की आशंका बनी रहती है।


नालों पर बने पुलों की रेलिंग और रिफ्लेक्टर होंगे मजबूत
प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह और एसीईओ प्रेरणा सिंह ने सेक्टर गामा-1 और पी-3 क्षेत्र में नालों पर बने पुलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद इंजीनियरों को निर्देश दिए कि पुलों की रेलिंग को और मजबूत किया जाए, ताकि वाहन या पैदल यात्री किसी भी स्थिति में नाले की ओर न गिरें। इसके साथ ही रात और कोहरे के समय दृश्यता बढ़ाने के लिए पुलों और आसपास के क्षेत्रों में रिफ्लेक्टर, कैट्स आई और अन्य जरूरी सड़क सुरक्षा उपकरण लगाने के आदेश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


सेक्टरों में टूटी स्लैब और बिल्डर प्रोजेक्ट की जांच
निरीक्षण के दौरान एसीईओ ने सेक्टर स्वर्णनगरी में सड़क किनारे नालियों पर लगी टूटी स्लैब को भी देखा और उन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सेक्टर पाई-1 में स्थित एक बिल्डर प्रोजेक्ट का निरीक्षण कर वहां सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बिल्डर को निर्देश दिए कि निर्माण स्थल के आसपास अतिरिक्त बैरिकेडिंग की जाए, ताकि आम लोगों और वाहन चालकों को किसी प्रकार का खतरा न हो। साथ ही सेक्टर पी-1 स्थित सिटी सेंटर और शगुन मार्ट क्षेत्र का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया।


48 स्थानों को चिन्हित कर सुरक्षा उपाय बढ़ाए गए

प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह के नेतृत्व में परियोजना विभाग की आठ वर्क सर्किल टीमें भी लगातार शहर में भ्रमण कर रही हैं। इन टीमों ने अब तक सड़क दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील 48 स्थानों को चिन्हित किया है। महाप्रबंधक ने बताया कि मंगलवार को ही 36 स्थानों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने का कार्य शुरू कराया गया है, जबकि 12 अन्य प्वाइंट्स पर स्वयं निरीक्षण कर तुरंत काम शुरू कराया गया। इन स्थानों पर स्लैब डालने, कर्व बनाने, मिट्टी भरवाने, रेलिंग मजबूत करने और रिफ्लेक्टर लगाने जैसे कार्य किए जा रहे हैं।


दुर्घटना संभावित स्थानों की सूचना देने की अपील
प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा के नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में उन्हें दुर्घटना संभावित स्थान नजर आए तो इसकी जानकारी तुरंत प्राधिकरण को दें। इसके लिए एरिया वाइज वर्क सर्किल प्रभारियों के मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं, ताकि समय रहते सुरक्षा उपाय किए जा सकें और सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *