एक्शन में ग्रेटर नोएडा पुलिस, दो शातिर महिलाओं समेत 5 को दबोचा, ये है पूरा मामला!
- Shiv Kumar
- 21 Jan, 2026
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत थाना इकोटेक-3 पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी और सराहनीय कार्रवाई की है। पुलिस ने गांजा तस्करी और बिक्री में लिप्त तीन पुरुष और दो महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 9 किलो 900 ग्राम गांजा और बिक्री से प्राप्त 2 लाख 90 हजार 400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई 20 जनवरी 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने सीआईएसएफ कैंप के पास यू-टर्न से सभी आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह गिरोह लंबे समय से इलाके में गांजा बेचने का काम कर रहा था।
गोपनीय सूचना पर की गई सटीक कार्रवाई
थाना इकोटेक-3 पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांजा बेचने के लिए एकत्रित हो रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान सत्यशरण के कब्जे से 2 किलो 700 ग्राम गांजा, 1 लाख 400 रुपये नकद, कैंची, स्टेप्लर, पिन की डिब्बियां और पॉलीथिन के पैकेट मिले। वहीं सुमित के पास से 2 किलो 100 ग्राम गांजा और 1 लाख 9 हजार 700 रुपये, अभिषेक के पास से 2 किलो 300 ग्राम गांजा और 80 हजार 300 रुपये बरामद हुए। महिला अभियुक्ता लाली और कश्मीरा के पास से क्रमशः 700 ग्राम और 2 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पिछले छह साल से गुलिस्तानपुर में रह रहे थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी अभियुक्त पिछले करीब छह वर्षों से गुलिस्तानपुर क्षेत्र में रह रहे थे और यहीं से गांजा तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों की शैक्षणिक स्थिति बेहद कमजोर है। मुख्य अभियुक्त सत्यशरण ने सिर्फ पांचवीं तक, सुमित ने आठवीं और अभिषेक ने दसवीं कक्षा तक पढ़ाई की है, जबकि दोनों महिला अभियुक्ता अनपढ़ हैं। पुलिस का कहना है कि आर्थिक लालच में आकर सभी लोग इस अवैध धंधे से जुड़ गए थे। मामले में आगे की जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया जाता था और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






