नोएडा की थाना फेज-2 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, धोखाधड़ी करने वाले 3 शातिरों को दबोचा, जान लें पूरा मामला

top-news
गौतमबुद्धनगर में फेस-2 पुलिस और स्वाट टीम ने फर्जी दस्तावेजों से लग्जरी कार फाइनेंस घोटाले का खुलासा किया। 3 आरोपी गिरफ्तार, 5 महंगी गाड़ियां और 28 आधार, पैन व आरसी कार्ड बरामद किए गए।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने एक बड़े फाइनेंस फ्रॉड का खुलासा करते हुए सराहनीय कार्रवाई की है। थाना फेस-2 पुलिस और सीआरटी स्वाट-02 टीम के संयुक्त ऑपरेशन में फाइनेंस के नाम पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 5 चार पहिया लग्जरी गाड़ियां और 28 फर्जी व संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और आरसी शामिल हैं। यह गिरोह लंबे समय से अलग-अलग राज्यों में सक्रिय था और बैंकों को करोड़ों का चूना लगा चुका था।


फर्जी दस्तावेजों से लोन, बिना किश्त चुकाए गाड़ियां बेचते थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी जैसे दस्तावेजों में फर्जी पते और पहचान का इस्तेमाल कर बैंकों से गाड़ियों का फाइनेंस कराते थे। इसके बाद वे लोन की एक भी किश्त जमा किए बिना उन गाड़ियों को पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान जैसे राज्यों में कम कीमत पर बेच देते थे। बिक्री के समय ग्राहकों को यह भरोसा दिलाया जाता था कि दो-तीन महीने में वाहन की एनओसी उपलब्ध करा दी जाएगी। जब बैंक एजेंट लोन वसूली के लिए दिए गए पते पर पहुंचते थे, तो वहां पता पूरी तरह फर्जी निकलता था।


एक ही गाड़ी पर दोबारा लोन, बैंकों को करोड़ों का नुकसान
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी एक ही वाहन की आरसी से पहले से दर्ज हाइपोथिकेशन हटवाकर उसी गाड़ी पर दोबारा बैंक से लोन करा लेते थे। इस तरह एक वाहन से कई बार फाइनेंस लेकर बैंकिंग सिस्टम को नुकसान पहुंचाया जा रहा था। 20 जनवरी 2026 को पुलिस ने फूल मंडी के पास से अमित गुप्ता, अनुराग उर्फ अमित और नवीन भावरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में इनके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी भी सामने आई है, जिनकी तलाश जारी है।


गिरफ्तार अभियुक्त, मुकदमे और बरामद लग्जरी गाड़ियां
गिरफ्तार आरोपियों में अमित गुप्ता (44 वर्ष, दिल्ली), अनुराग उर्फ अमित (27 वर्ष, अलीगढ़) और नवीन भावरी (48 वर्ष, पठानकोट, पंजाब) शामिल हैं। अमित गुप्ता के खिलाफ दिल्ली और गौतमबुद्धनगर में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से थार, ग्रैंड विटारा, किया सेल्टॉस, महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन और अर्बन क्रूजर टैज़र जैसी 5 लग्जरी गाड़ियां बरामद की हैं। साथ ही 28 फर्जी कार्ड भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *