नोएडा में चार युवकों ने कर दिया बड़ा अपराध, तीन को दबोचा और एक को तलाश रही पुलिस, यह है पूरा मामला!

top-news
नोएडा सेक्टर-71 में ढाबा मालिक को बेटे के सामने पीटकर कार के बोनट पर डालकर घसीटने का मामला सामने आया है। घटना के वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

नोएडा के सेक्टर-71 स्थित जनता फ्लैट के बाहर दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां चार युवकों ने एक ढाबा मालिक को उसके बेटे के सामने बेरहमी से पीटा और विरोध करने पर उसे कार के बोनट पर डालकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गए। पूरी घटना सोमवार रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। फेज-तीन थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार में से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।


ढाबा बंद कराने के नाम पर मारपीट और धमकी
जनता फ्लैट निवासी अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता रामदयाल मूलरूप से बस्ती जिले के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से नोएडा में परिवार के साथ रहकर वेंडिंग जोन में ढाबा चला रहे हैं। आरोप है कि सोसाइटी में रहने वाले शिव राज गौर, सत्य प्रकाश तिवारी, दिनेश गौर और अंकुर मिश्रा लंबे समय से उनके पिता को ढाबा हटाने का दबाव बना रहे थे। सोमवार रात चारों आरोपी कार से ढाबे पर पहुंचे और रामदयाल से जबरन ढाबा बंद करने को कहा। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर फिल्मी अंदाज में कहा कि अब सेक्टर में दुकानें उन्हीं के इशारे पर खुलेंगी और बंद होंगी। इसी दौरान दो युवक कार से उतरे और रामदयाल के साथ मारपीट शुरू कर दी।


कार के बोनट पर डालकर करीब 1.5 किलोमीटर तक घसीटा
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने मारपीट के बाद रामदयाल पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए रामदयाल कार के बोनट पर चढ़ गए, जिसके बाद आरोपी तेज रफ्तार में कार दौड़ाते हुए फरार हो गए। इस दौरान रामदयाल बोनट पर ही लटके रहे। उनके बेटे अमित ने बाइक लेकर कार का पीछा किया। करीब डेढ़ किलोमीटर दूर साईं अपार्टमेंट के पास सर्विस रोड पर आरोपियों ने रामदयाल को उतार दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस पूरी घटना में रामदयाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।


वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
घटना के पांच वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में ढाबे पर कहासुनी और मारपीट दिखाई दे रही है, जबकि दूसरे वीडियो में कार ढाबा मालिक को टक्कर मारते हुए उसे बोनट पर लटकाकर ले जाती नजर आ रही है। एक अन्य वीडियो में घायल रामदयाल को स्ट्रेचर पर बेहोशी की हालत में लेटे देखा जा सकता है। पुलिस का कहना है कि आसपास ठेला लगाने को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी विवाद हो चुका था। मौके पर सीसीटीवी कैमरे नहीं थे, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की गई है। फिलहाल तीन आरोपी गिरफ्तार हैं और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *