ग्रेटर नोएडा में बुजुर्ग की मौत से मचा हड़कंप, एक की हालत गंभीर, मामला जान आप भी हो जाऐंगे हैरान!

top-news
ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र के थोरा गांव में गाय के हमले से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बचाने पहुंचे भतीजे की हालत गंभीर है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र के थोरा गांव में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां खेत में फसल बचाने पहुंचे 60 वर्षीय बुजुर्ग पर गाय ने हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे उनके भतीजे को भी गाय ने बुरी तरह घायल कर दिया। ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल जेवर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।


खेत में फसल बचाने गए थे कृपाल सिंह
ग्रामीणों के अनुसार, थोरा गांव निवासी कृपाल सिंह के खेतों में एक गाय पिछले कई दिनों से फसल को नुकसान पहुंचा रही थी। बुधवार को जब उन्होंने खेत में गाय को भगाने की कोशिश की, तो अचानक गाय आक्रामक हो गई और कृपाल सिंह पर हमला कर दिया। हमले में वह जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े। इसी दौरान कृपाल सिंह के भतीजे राजेंद्र सिंह भी उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन गाय ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों को गंभीर हालत में ग्रामीणों ने किसी तरह गाय से छुड़ाया और अस्पताल पहुंचाया।


अस्पताल में बुजुर्ग की मौत, भतीजे का इलाज जारी
जेवर के निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने कृपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके भतीजे राजेंद्र सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, राजेंद्र को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें निगरानी में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी घटना को लेकर भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आवारा और आक्रामक पशुओं की समस्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।


प्राधिकरण की टीम पहुंची, गाय की भी मौत
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों की शिकायत पर यमुना प्राधिकरण की टीम गांव पहुंची। टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से गाय को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान गाय की भी मौत हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने गाय के पोस्टमार्टम की मांग की, ताकि यह पता चल सके कि उसकी आक्रामकता का कारण क्या था। पुलिस ने मृतक कृपाल सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांवों में घूम रहे आक्रामक और आवारा पशुओं को लेकर ठोस नीति बनाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *