किसानों से मिले जेवर विधायक, समस्याएं सुनकर किया ऑन द स्पॉट निस्तारण, कुछ को दिया जल्द समाधान का आश्वासन
- Shiv Kumar
- 22 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर स्थित कार्यालय में बुधवार को किसान एकता संघ की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों किसान शामिल हुए। बैठक में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह किसानों की समस्याएं सुनने पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता देशराज नागर जगनपुर ने की, जबकि संचालन किसान एकता संघ के प्रदेश अध्यक्ष पंडित प्रमोद शर्मा ने किया। बैठक में किसानों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं और लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर नाराजगी जताई। विधायक धीरेंद्र सिंह ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
किसानों पर दर्ज मुकदमों को लेकर जताया रोष
बैठक को संबोधित करते हुए किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान ने कहा कि संगठन बीते कई वर्षों से किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष जिले के कुछ अधिकारियों ने किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है। सोरन प्रधान ने कहा कि किसानों को डराने और दबाने की नीति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान एकता संघ किसी भी कीमत पर किसानों के अधिकारों से समझौता नहीं करेगा और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में मौजूद किसानों ने भी एक स्वर में इन आरोपों का समर्थन किया और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
विधायक को सौंपा ज्ञापन, प्रमुख मांगें रखीं
बैठक के दौरान किसान एकता संघ के पदाधिकारियों ने जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश सरकार और संबंधित प्राधिकरण से किसानों की समस्याओं के तत्काल निस्तारण की मांग की गई। इसमें बैकलीज शिफ्टिंग प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, अतिक्रमण के नाम पर किसानों के घरों को तोड़ने पर रोक लगाने जैसी मांगें प्रमुख रहीं। किसानों का कहना है कि बिना समुचित नोटिस और समाधान के की जा रही कार्रवाई से वे मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने सरकार से संवेदनशीलता दिखाने की अपील की।
10 प्रतिशत भूखंड और रोजगार की मांग पर जोर
किसानों ने बैठक में वर्ष 2009 से प्रभावित सभी किसानों को 10 प्रतिशत विकसित भूखंड दिए जाने, 64.7 प्रतिशत मुआवजा पूरी तरह वितरित करने और किसानों की जमीन पर स्थापित निजी कंपनियों में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को 50 प्रतिशत रोजगार सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। किसानों का कहना है कि इन मांगों को लेकर कई बार आंदोलन और वार्ता हो चुकी है, लेकिन अब तक ठोस परिणाम सामने नहीं आए हैं। विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और जल्द ही संबंधित अधिकारियों से बात कर उचित कदम उठाए जाएंगे। बैठक में राजेंद्र प्रधान, कृष्ण बैसला, जगदीश शर्मा, पप्पे नागर सहित सैकड़ों किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






