गौतमबुद्धनगर वाले समय पर करा लें बच्चों का टीकाकरण, सीडीओ व सीएमओ ने रवाना की टीका मित्र वैन
- Shiv Kumar
- 22 Jan, 2026
गौतमबुद्धनगर में बच्चों के समय पर टीकाकरण को लेकर प्रशासन ने जनजागरूकता की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवकांत द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट परिसर से टीका मित्र वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को टीकाकरण के महत्व, लाभ और समय पर टीके लगवाने की आवश्यकता के प्रति जागरूक करेगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा नियमित टीकाकरण से वंचित न रहे और गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रह सके।
बच्चों के नियमित टीकाकरण पर रहेगा विशेष फोकस
टीका मित्र वैन के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया जा रहा है कि बीमारियों पर वार का सबसे प्रभावी हथियार टीकाकरण है। अभियान में खासतौर पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के नियमित टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है। वैन पर प्रदर्शित जानकारी के अनुसार 5 वर्ष की आयु तक बच्चों को 7 बार टीकाकरण कराया जाना अनिवार्य है। अधिकारियों ने बताया कि यदि एक भी टीका छूट जाता है, तो बच्चों को गंभीर और जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसी वजह से अभिभावकों को समय-समय पर टीकाकरण कैलेंडर के अनुसार बच्चों को टीके लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
12 जानलेवा बीमारियों से बचाव का संदेश
टीका मित्र वैन के जरिए दफ्तेरिया, टेटनस, काली खांसी, पोलियो, टीबी, खसरा, रूबेला, निमोनिया, गलाघोंटू सहित कुल 12 गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए समयबद्ध टीकाकरण का संदेश दिया जा रहा है। वैन पर आयु के अनुसार टीकाकरण कैलेंडर भी प्रदर्शित किया गया है, ताकि अभिभावकों को यह स्पष्ट जानकारी मिल सके कि किस उम्र में कौन सा टीका लगना जरूरी है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवकांत द्विवेदी ने बताया कि सभी सरकारी नियमित टीकाकरण सत्रों पर टीकाकरण पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है और टीकाकरण के बाद मातृ एवं शिशु सुरक्षा कार्ड अवश्य प्राप्त किया जाना चाहिए।
हाई रिस्क क्षेत्रों में चलेगा विशेष अभियान
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आर. के. सिरोहा ने बताया कि जनसामान्य अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का पूर्ण और नियमित टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि वे गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रह सकें। वहीं जिला समन्वयक शिवेंद्र श्रीवास्तव और शमशाद अहमद ने जानकारी दी कि जनपद में PCI Gavi और यूनिसेफ के सहयोग से टीका मित्र वैन, ई-रिक्शा और स्ट्रीट प्ले जैसे कार्यक्रम हाई रिस्क क्षेत्रों में संचालित किए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों में टीकाकरण को लेकर झिझक, भ्रांतियां और जागरूकता की कमी पाई जाती है। इन प्रयासों के माध्यम से लोगों को सरल और जनसुलभ तरीके से जागरूक कर नियमित टीकाकरण कवरेज को मजबूत किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






