नोएडा के इस बड़े स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, मच गया हड़कंप, जानें पूरा मामला
- Shiv Kumar
- 23 Jan, 2026
नोएडा के सेक्टर-168 स्थित शिव नादर स्कूल को बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। स्कूल प्रशासन को जैसे ही धमकी भरा ई-मेल मिला, तुरंत पुलिस और अभिभावकों को इसकी सूचना दी गई। सुरक्षा को देखते हुए स्कूल में तत्काल छुट्टी घोषित कर दी गई और पैरेंट्स के पहुंचते ही सभी बच्चों को सुरक्षित उनके साथ घर भेज दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता स्कूल परिसर में पहुंच गया और पूरे कैंपस को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
सुबह 8 बजे आया धमकी भरा ई-मेल
पुलिस कमिश्नर के पीआरओ ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 8 बजे शिव नादर स्कूल की प्रिंसिपल के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा मेल आया था। मेल में स्कूल को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। इसकी गंभीरता को देखते हुए प्रिंसिपल ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अलग-अलग थानों की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। उनके साथ बम स्क्वायड, फायर ब्रिगेड और डॉग स्क्वायड की टीमें भी तैनात कर दी गईं, ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।
पूरे कैंपस की बारीकी से जांच
पुलिस ने स्कूल को पूरी तरह खाली कराकर क्लासरूम, ऑफिस, लैब, लाइब्रेरी और अन्य हिस्सों की गहन तलाशी ली। खबर लिखे जाने तक तलाशी अभियान जारी था, हालांकि अभी तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही जांच समाप्त की जाएगी। वहीं, साइबर टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है, जो धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है।
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां
पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी नोएडा में दो बार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। इसके अलावा मॉल में भी बम की सूचना दी गई थी, लेकिन जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था। इस मामले में भी पुलिस उस लैपटॉप या मोबाइल का आईपी एड्रेस ट्रेस कर रही है, जिससे यह ई-मेल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि यह एक तरह का थ्रेट मेल है और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






