दकनौर में सड़क पर घूम रहा था आवारा सांड, बाइक सवार के साथ जो किया, जानकर आप कहेंगे- आवारा सांड
- Shiv Kumar
- 24 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे में आवारा पशुओं का आतंक लगातार लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। शुक्रवार शाम एक आवारा सांड ने अचानक सड़क पर जा रहे बाइक सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायल को उठाकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत चिंताजनक बताई है। इस घटना के बाद कस्बे के लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है और नगर पंचायत की लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं।
प्रमुख चौराहों पर खुलेआम घूम रहे आवारा पशु
स्थानीय लोगों का कहना है कि दनकौर कस्बे के दीनदयाल चौराहा, बीएल चौक, घनौरी रोड, द्रोणाचार्य मंदिर परिसर और झाझर रोड जैसे व्यस्त इलाकों में आवारा पशु दिन-रात सड़कों पर डटे रहते हैं। ये पशु अचानक राहगीरों, बाइक सवारों और स्कूली बच्चों पर हमला कर देते हैं। आए दिन हो रहे हादसों के चलते लोग घर से निकलते समय डर के साए में रहते हैं। कई बार तो पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है।
शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कोई ठोस कार्रवाई
कस्बे के निवासी राजू, तरुण, जीतन, अनिल और अम्बर ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत और संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। हर बार अधिकारियों की ओर से केवल आश्वासन ही मिला, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि हादसे होने के बाद भी अगर प्रशासन गंभीर नहीं हो रहा है, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। स्थानीय व्यापारियों का भी कहना है कि आवारा पशुओं के कारण बाजारों में भी ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे उनका कारोबार भी नुकसान झेल रहा है।
प्रशासन से जल्द समाधान की मांग
लगातार बढ़ते हादसों से परेशान दनकौर के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को तत्काल पकड़वाकर सुरक्षित गौशालाओं या निर्धारित स्थलों पर भेजा जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब देखना यह है कि नगर पंचायत और प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर कब तक ठोस कदम उठाता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






