ग्रेटर नोएडा में 20 हजार का इनामी बदमाश पुलिस को दे रहा था चकमा, अवैध हथियार के साथ दबोचा
- Shiv Kumar
- 24 Jan, 2026
थाना सूरजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 20 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गोपनीय सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था और वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय था। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
गोपनीय सूचना पर की गई सटीक कार्रवाई
दिनांक 22.01.2026 को थाना सूरजपुर पुलिस को सूचना मिली कि एक इनामिया अभियुक्त क्षेत्र में मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ग्राम खेड़ी जाने वाले रास्ते के पास से अभियुक्त आकाश पुत्र संजय को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह काफी समय से फरार चल रहा था, जिस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
वाहन चोरी गिरोह का सक्रिय सदस्य था अभियुक्त
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त आकाश अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह के रूप में वाहन चोरी करता था। चोरी किए गए वाहनों को बेचकर गिरोह अवैध रूप से पैसे कमाता था। इस गिरोह के अन्य सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अभियुक्त के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि आकाश की गिरफ्तारी से वाहन चोरी की कई घटनाओं के खुलासे की उम्मीद है।
लंबा आपराधिक इतिहास, आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा
गिरफ्तार अभियुक्त आकाश पुत्र संजय, निवासी ग्राम भीमगढ़ी, थाना हलदुआगंज, अलीगढ़ का रहने वाला है। वर्तमान में वह बरौला, थाना सेक्टर-49, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है। अभियुक्त के खिलाफ थाना सूरजपुर में चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें कई मुकदमे बीएनएस की धारा 317(2) के तहत पंजीकृत हैं। हालिया गिरफ्तारी के बाद उस पर आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत नया मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना सूरजपुर पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






