'नोएडा हादसे में युवराज की मौत के जिम्मेदार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ', अखिलेश ने बोल दी ऐसी बात, भाजपाइयों को नहीं आएगी नींद!
- Shiv Kumar
- 24 Jan, 2026
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नोएडा में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला बोला है। लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि इस घटना के लिए पूरी तरह मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करनी ही थी तो कम से कम उस पुलिस अधिकारी को हटाया जाना चाहिए था, जिसकी लापरवाही के कारण एक युवक की जान गई, लेकिन सरकार ने उल्टा पीड़ित पक्ष पर ही सवाल खड़े करने शुरू कर दिए, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। अखिलेश ने बीजेपी का चरित्र बहुत खराब है।
डॉयल 100 को बर्बाद करने का लगाया आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार ने डॉयल 100 जैसी महत्वपूर्ण आपातकालीन सेवा को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने बताया कि डॉयल 100 को बेहतर रिस्पांस सिस्टम के लिए बनाया गया था और इसके लिए सभी को एक तय एसओपी दी गई थी, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके। लेकिन मौजूदा सरकार ने इस व्यवस्था को कमजोर कर दिया, जिसका नतीजा यह हुआ कि नोएडा में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की जान चली गई। अखिलेश ने कहा कि अगर समय पर पुलिस रिस्पांस मिलता, तो शायद युवक की जान बच सकती थी।
वोटर लिस्ट और KGMU को लेकर सरकार पर तंज
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने वोटर लिस्ट पढ़ते हुए कहा कि भगवान दास के घर में मोहम्मद अफजल का नाम दर्ज है और फातिमा के घर में राधा रह रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कम से कम वोटर लिस्ट को तो ये लोग “सेक्युलर” बना रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने KGMU में मजारों को तोड़े जाने पर बयान देते हुए कहा कि अगर इसी तर्क पर चले तो पूरी बिल्डिंग ही गिरा देनी चाहिए, क्योंकि उसे एक क्रिश्चियन ने बनवाया था। अखिलेश ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट जैसे तकनीकी काम को आउटसोर्स किया गया है और इसमें भी हेराफेरी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
जनगणना, शंकराचार्य और PDA सरकार का संकल्प
अखिलेश यादव ने मांग की कि आगामी जनगणना में यह भी बताया जाए कि कोविड वैक्सीन से कितने लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि कैंसर और हार्ट अटैक के मामलों में बढ़ोतरी हुई है और सरकार को बदनामी के डर से सच छिपाना नहीं चाहिए। इसके अलावा उन्होंने शंकराचार्य के रुख की सराहना करते हुए कहा कि वह डटे हुए हैं और नकली सनातनियों की पोल खोल रहे हैं। भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती के मौके पर सपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि पार्टी ने PDA की सरकार बनाकर न्याय की सरकार स्थापित करने का संकल्प लिया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






