गणतंत्र दिवस की तैयारी शुरू, किसान एकता महासंघ निकालेगा तिरंगा यात्रा, जानें कब और कहां से शुरू होगी रैली?
- Shiv Kumar
- 24 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा के रीलखा गांव में शनिवार को किसान एकता महासंघ की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें किसानों की समस्याओं, उनके समाधान और संगठन के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश कसाना के आवास पर हुई, जिसकी अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक चौधरी बाली सिंह ने की। बैठक का संचालन जिला अध्यक्ष अरविंद सेक्रेटरी ने किया, जबकि संगठन के प्रदेश प्रभारी पप्पू प्रधान विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे संगठन की सक्रियता और एकजुटता साफ नजर आई।
किसानों की समस्याओं और संगठन को मजबूत करने पर जोर
बैठक में किसानों से जुड़े मौजूदा मुद्दों पर गंभीर मंथन किया गया। खेती से जुड़े खर्च, फसल के उचित दाम, सिंचाई, बिजली और अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर विचार रखे गए। प्रदेश प्रभारी पप्पू प्रधान ने कहा कि किसान एकता महासंघ लगातार किसानों के हक की लड़ाई लड़ रहा है और आगे भी मजबूती से किसानों की आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि जब तक हर किसान संगठन से नहीं जुड़ेगा, तब तक समस्याओं का स्थायी समाधान संभव नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे किसानों के बीच जाकर संगठन की नीतियों और उद्देश्यों को समझाएं।
26 जनवरी को दनकौर में निकाली जाएगी पैदल तिरंगा यात्रा
बैठक में सर्वसम्मति से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसान एकता महासंघ दनकौर कस्बे में एक भव्य पैदल तिरंगा यात्रा निकालेगा। यह यात्रा सुबह 11 बजे झाझर अड्डे से शुरू होगी और टीन का बाजार, दीनदयाल चौराहा और थाना रोड से होते हुए सलारपुर अंडरपास स्थित तिरंगा चौक पर समाप्त होगी। तिरंगा चौक पर ध्वजारोहण के साथ यात्रा का समापन किया जाएगा। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि यह यात्रा देशभक्ति के साथ-साथ किसानों की एकता और जागरूकता का संदेश देगी।
किसान हितों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प
राष्ट्रीय संरक्षक चौधरी बाली सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और उनके हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान एकता महासंघ हमेशा किसानों के साथ खड़ा रहा है और आगे भी उनकी समस्याओं को लेकर संघर्ष करता रहेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश कसाना ने भी संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी संगठन को मजबूत करने और आगामी तिरंगा यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस बैठक में चौधरी बाली सिंह, रमेश कसाना, पप्पू प्रधान, राजेंद्र चौहान, राजवीर ठेकेदार, मास्टर इंद्रपाल सिंह, बलजीत हवलदार, चंद्रपाल सिंह, कर्मवीर भाटी, रज्जाक ठेकेदार, अमित नागर, रवि नागर, अरविंद सेक्रेटरी, हरीश मलिक, गजराज कसाना, संजय कसाना और सोनू कसाना सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






