नोएडा से पकड़े गए ट्रक चोर गैंग के गुर्गे, पुलिस ने दो को दबोचा, तीन ट्रक समेत गैस कटर बरामद

top-news
नोएडा फेस-2 पुलिस ने अंतरराज्यीय ट्रक चोर गिरोह का खुलासा किया है। दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने तीन चोरी के ट्रक, गैस कटर, मास्टर चाबियां और वाहन काटने के कई उपकरण बरामद किए हैं।

 नोएडा में थाना फेस-2 पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय ट्रक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी के तीन ट्रक और वाहन काटने में इस्तेमाल होने वाले कई खतरनाक उपकरण बरामद किए गए हैं। यह गिरोह लंबे समय से नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में सक्रिय था और कमर्शियल वाहनों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।


गोपनीय सूचना पर हुई कार्रवाई, दो शातिर गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, रविवार को गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-82 कट, भंगेल के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। इस दौरान गाजियाबाद निवासी सलमान और गौतमबुद्धनगर के बिसरख क्षेत्र निवासी भानू चौधरी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि भानू चौधरी बीएससी स्नातक है, लेकिन पढ़ाई के बाद वह अपराध की दुनिया में उतर गया और लंबे समय से वाहन चोरी के मामलों में सक्रिय था। दोनों आरोपी संगठित तरीके से गिरोह चलाते थे और ट्रक चोरी को अपना मुख्य जरिया बना चुके थे।


औद्योगिक क्षेत्रों में रेकी, गोदाम में काटे जाते थे ट्रक
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर औद्योगिक क्षेत्रों और सड़कों के किनारे खड़े कमर्शियल वाहनों की पहले रेकी करते थे। मौका मिलते ही ट्रकों को चोरी कर लिया जाता था। चोरी के बाद इन वाहनों को हापुड़ के ग्राम दीनानाथपुर पुठ्ठी स्थित एक गोदाम में ले जाया जाता था। यह गोदाम उन्होंने 50 हजार रुपये प्रति माह के किराए पर लिया हुआ था। यहां गैस कटर की मदद से ट्रकों के पुर्जे अलग किए जाते और फिर उन्हें दिल्ली के विभिन्न बाजारों में बेच दिया जाता था।


तीन चोरी के ट्रक और भारी मात्रा में औजार बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन चोरी के ट्रक बरामद किए हैं, जिनमें टाटा गुड्स कैरियर, बोलेरो मैक्सी ट्रक और महिंद्रा पिकअप शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने दो ऑक्सीजन सिलेंडर, दो एलपीजी सिलेंडर, एक गैस कटर, 28 मास्टर चाबियां, एक मेटल कटर और वाहन खोलने के अन्य औजार भी बरामद किए हैं। पुलिस को मौके से दो ट्रकों के कटे हुए केबिन और नौ चाकू भी मिले हैं, जो इस गिरोह की आपराधिक गतिविधियों की गंभीरता को दर्शाते हैं।


आरोपियों पर दर्ज हैं कई संगीन मामले
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति अवस्थी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सलमान पर गैंगस्टर एक्ट सहित कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं, जबकि भानू चौधरी पर 12 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों फकरुद्दीन, फरमान, यूनुस, कलाम और साजिम की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *