गणतंत्र दिवस पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में ध्वजारोहण, एसीईओ ने छात्रों को बताए देश प्रेम और कर्तव्यों के मायने
- Shiv Kumar
- 26 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण परिसर में गणतंत्र दिवस का समारोह पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को भारत की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया, जिसमें प्राधिकरण के सभी अधिकारी, कर्मचारी और आमंत्रित अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने माहौल को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया।
देशभक्ति कार्यक्रमों से सजी सांस्कृतिक प्रस्तुति
गणतंत्र दिवस समारोह में सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय ग्रेटर नोएडा की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं ने श्री गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की और इसके बाद ‘सौभाग्य है कि इस पुण्य पावन धरा पर हमने जन्म लिया’, ‘सुजलाम सुफलाम’ और ‘माई तेरी चुनरिया लहराई’ जैसे गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। वहीं, सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने ‘हिंद देश के निवासी सभी जन एक हैं’ और ‘भारत हमको जान से प्यारा है’ जैसे देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुति देकर देश की एकता और सांस्कृतिक विविधता का संदेश दिया। छात्राओं ने गीत और नृत्य के माध्यम से भारत के विभिन्न राज्यों की कला और सांस्कृतिक विरासत को भी दर्शाया।
छात्रों को बताया राष्ट्रध्वज और कर्तव्यों का महत्व
एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने अपने संबोधन में छात्रों और उपस्थित अभिभावकों को राष्ट्रध्वज तिरंगे की अहमियत समझाई। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की शान, बलिदान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करें। उनका कहना था कि कर्तव्यों का सही तरीके से निर्वहन ही सच्चे अर्थों में देशसेवा है। इस दौरान छात्राओं की कविताओं और प्रस्तुतियों ने आजादी के सही मायनों को भी उजागर किया।
विकास और स्वच्छता का लिया संकल्प
कार्यक्रम में मौजूद एक अन्य एसीईओ प्रेरणा सिंह ने प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों को ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ, सुनियोजित, सुदृढ़ और अनूठा शहर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने सीईओ एनजी रवि कुमार के मार्गदर्शन में चल रही विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्राधिकरण को वित्तीय संकट से उबारने में उनके नेतृत्व की अहम भूमिका रही है। समारोह का समापन राष्ट्रनिर्माण के संकल्प और देशभक्ति के संदेश के साथ हुआ।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






