बज रही थी शादी की शहनाई, हो गया भारी बवाल, जमकर हुआ पथराव, कई लोग घायल, यह है पूरा मामला

top-news
ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हिंसक हो गया। पथराव और मारपीट में महिलाएं समेत कई लोग घायल हुए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र स्थित सलयान मोहल्ले में सोमवार देर रात शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सड़क पर खड़ी गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई। इस घटना में महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए, जबकि आसपास खड़ी कई गाड़ियों के शीशे भी टूट गए। अचानक हुए इस बवाल से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।


गाड़ी हटाने की बात पर बढ़ा विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सलयान मोहल्ले में चल रहे शादी समारोह के दौरान सड़क पर खड़ी एक गाड़ी को हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच पहले बहस हुई। शुरुआत में लोगों ने मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। कहासुनी गाली-गलौज में बदली और फिर ईंट-पत्थर चलने लगे। पथराव के दौरान मौके पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई महिलाओं को भी चोटें आईं और शादी का माहौल तनाव में बदल गया।


पुलिस पहुंची, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही जेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख विवाद में शामिल लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद मोहल्ले में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी से स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।


जांच में जुटी पुलिस
जेवर थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की पहचान कर ली गई है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *