नोएडा में सड़क हादसों पर लगाम लगाने की तैयारी, सांसद महेश शर्मा ने की सुरक्षा को लेकर बैठक
- Shiv Kumar
- 28 Jan, 2026
नोएडा में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को डीएम कार्यालय में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद डॉ. महेश शर्मा ने की। इस दौरान जिले में सड़क सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों की नियमित निगरानी, दुर्घटनाओं के आंकड़ों का गहन विश्लेषण और हादसों के प्रमुख कारणों की पहचान पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता मानते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ ठोस कार्रवाई करें, ताकि सड़क हादसों में प्रभावी कमी लाई जा सके।
152 ब्लैक स्पॉट चिह्नित, सुधार कार्यों में लाएं तेजी
बैठक में जिलाधिकारी ने वर्ष 2021 से 2025 तक जनपद में चिह्नित किए गए सड़क दुर्घटना ब्लैक स्पॉट्स और वहां किए गए सुधारात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक कुल 152 दुर्घटना ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए जा चुके हैं। सांसद डॉ. महेश शर्मा ने निर्देश दिए कि निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार नए ब्लैक स्पॉट्स की पहचान लगातार की जाए और चिन्हित स्थानों पर सभी जरूरी सड़क अभियान्त्रिकी उपाय अनिवार्य रूप से लागू किए जाएं। इनमें स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक बोर्ड, दिशा सूचक बोर्ड, ट्रैफिक सिग्नल और सीसीटीवी कैमरों की स्थापना शामिल है। उन्होंने कहा कि केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सुधार दिखाई देना चाहिए।
4E मॉडल से ही घटेंगे सड़क हादसे
सांसद ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है। इसके लिए शिक्षा (Education), प्रवर्तन (Enforcement), आपातकालीन देखभाल (Emergency Care) और अभियान्त्रिकी (Engineering) यानी ‘4E मॉडल’ का समन्वित क्रियान्वयन जरूरी है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों पर इमरजेंसी लेन के निर्माण, गति सीमा की समय-समय पर समीक्षा और ट्रैफिक को शांत करने वाले उपायों को सख्ती से लागू करने पर विशेष जोर दिया। सांसद ने कहा कि जब तक लोगों में जागरूकता नहीं आएगी और नियमों का सख्ती से पालन नहीं कराया जाएगा, तब तक दुर्घटनाओं में अपेक्षित कमी संभव नहीं है।
दुर्घटना पीड़ितों को 1.5 लाख तक कैशलैस इलाज
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने जानकारी दी कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के लिए पैनल अस्पतालों में 1.5 लाख रुपये तक की कैशलैस उपचार योजना संचालित है। इस पर सांसद ने निर्देश दिए कि इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। साथ ही विद्यालय यानों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि जिले में सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत सीसीटीवी, जीपीएस, प्रशिक्षित चालक और सहायक स्टाफ की उपलब्धता के साथ-साथ चालकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






