नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाइक चोरी गैंग के तीन शातिरों को दबोचा, चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद

top-news
नोएडा के थाना सेक्टर-126 पुलिस ने बाइक चोरी गैंग के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर पांच चोरी की मोटरसाइकिलें और उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

नोएडा कमिश्नरेट के थाना सेक्टर-126 पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोर गैंग के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जबकि उनकी निशानदेही पर यमुना डूब क्षेत्र की झाड़ियों से तीन अन्य चोरी की बाइक, बाइक के पार्ट्स और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।


रात में चेकिंग के दौरान दबोचे गए आरोपी
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर के निर्देश पर जनपद में वाहन चोरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त के निर्देशन में थाना सेक्टर-126 पुलिस टीम ने 28 जनवरी 2026 की रात साईं मंदिर कट से रायपुर की ओर जाने वाले पुस्ता रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। देर रात करीब 12:55 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्धों को रोककर जांच की गई, जिसमें वे वाहन चोरी के शातिर अपराधी निकले। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें, मास्टर चाबी, हथौड़ा और नुकीला पेचकस बरामद हुआ।


एनसीआर में सक्रिय था संगठित गिरोह
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में नोएडा, दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य पहले पार्किंग स्थलों, कारपोरेट ऑफिसों, स्कूलों और सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। इसके बाद मास्टर चाबियों की मदद से बाइक चोरी की जाती थी। चोरी के बाद इंजन और चैचिस नंबर घिसकर मिटा दिए जाते थे और फर्जी नंबर गोदकर बाइक या उसके पार्ट्स बेच दिए जाते थे। पुलिस ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिलें दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।


पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जितेंद्र उर्फ जीतू, शालू और फिरोज खान के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू के खिलाफ पहले से ही दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। शालू और फिरोज खान का भी लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से वाहन चोरी कर अवैध रूप से धन अर्जित कर रहा था। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *