जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने किसानों से की मुलाकात, विकसित भारत-जी राम जी के बारे में समझाया
- Shiv Kumar
- 29 Jan, 2026
जेवर क्षेत्र के ग्राम घरबरा में बुधवार को “विकसित भारत-जी राम जी (VB-G RAM-G)” अभियान के तहत कृषक-श्रमिक ग्राम चौपाल जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। कार्यक्रम का उद्देश्य गांव के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
ग्राम चौपाल के दौरान विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह अभियान किसानों, श्रमिकों और युवाओं को रोजगार, आजीविका, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि सरकार की मंशा है कि योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका सीधा लाभ जरूरतमंद तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से गांव-गांव जाकर चौपालों के माध्यम से संवाद किया जा रहा है।
किसान, श्रमिक और युवा सशक्त होंगे तभी बनेगा विकसित भारत
विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प तभी पूरा होगा, जब गांव, गरीब, किसान और श्रमिक सशक्त होंगे। उन्होंने बताया कि सरकार की कई योजनाएं जैसे स्वरोजगार, कौशल विकास, कृषि से जुड़ी सहायता और सामाजिक सुरक्षा योजनाएं ग्रामीणों के जीवन में बदलाव ला रही हैं। जरूरत सिर्फ सही जानकारी और समय पर आवेदन की है। उन्होंने ग्राम चौपाल को जनभागीदारी का सशक्त मंच बताते हुए कहा कि इससे शासन और जनता के बीच की दूरी कम होती है। ग्रामीण अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों के सामने रख पाते हैं और समाधान भी तेजी से होता है। चौपाल में मौजूद ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सड़क, रोजगार और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को रखा, जिन पर विधायक ने संबंधित विभागों से समाधान का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों में दिखा योजनाओं को लेकर भरोसा और उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर और गौतमबुद्धनगर भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और लोगों से उनका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास ही देश के विकास की नींव है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। बड़ी संख्या में किसान, श्रमिक और युवा चौपाल में शामिल हुए और योजनाओं को लेकर सवाल पूछे। जनजागरूकता कार्यक्रम ने गांव को विकास की धुरी बनाने का संदेश दिया और ग्रामीणों में सरकार की योजनाओं के प्रति भरोसा मजबूत किया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






