UGC बिल के विरोध में सड़क पर उतरे बीजेपी नेता और करणी सेना, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
- Shiv Kumar
- 29 Jan, 2026
नोएडा: यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) से जुड़े प्रस्तावित बिल के विरोध में गुरुवार को नोएडा में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और करणी सेना के पदाधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सेक्टर-19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर प्रदर्शनकारियों ने सरकार के नाम एक ज्ञापन सौंपा और बिल को तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मौजूदा स्वरूप में यह बिल समाज में डर और असमंजस पैदा कर रहा है।
प्रदर्शन में शामिल नेताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि UGC से जुड़ा यह प्रस्ताव सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर नहीं बनाया गया है। इससे समाज के अलग-अलग वर्गों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिल वापस नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में सांसदों और विधायकों का घेराव किया जाएगा।
“डर और दबाव में हैं लोग”
धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि UGC से जुड़े इस बिल को लेकर शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोग, शिक्षक और छात्र सभी दबाव और डर के माहौल में हैं। उनका कहना था कि नियमों की अस्पष्टता के कारण आम लोग आशंकित हैं कि भविष्य में इसका दुरुपयोग हो सकता है। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि किसी भी कानून या बिल को लागू करने से पहले सभी पक्षों से संवाद जरूरी है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस बिल को वापस लेकर दोबारा सभी वर्गों, सामाजिक संगठनों और शिक्षा विशेषज्ञों से चर्चा करे। तभी ऐसा कानून बनाया जाए जो वास्तव में देश और समाज के हित में हो। वक्ताओं ने कहा कि जल्दबाजी में लाया गया कोई भी फैसला सामाजिक संतुलन बिगाड़ सकता है।
सामाजिक समरसता बिगड़ने का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि इस बिल के चलते सामाजिक समरसता प्रभावित हो रही है और समाजों के बीच खाई बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा प्रस्ताव से आपसी विश्वास कमजोर हुआ है, जो किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है। करणी सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन समाज में सौहार्द बनाए रखने के लिए इस मुद्दे पर सड़क पर उतरने को मजबूर हुआ है। धरना-प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सिटी मजिस्ट्रेट ने ज्ञापन लेकर प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






