ग्रेटर नोएडा में अखिलेश यादव का सियासी दौरा, UGC से लेकर मेट्रो और कानून व्यवस्था पर साधा निशाना

top-news
ग्रेटर नोएडा पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूजीसी, मेट्रो परियोजनाओं, महंगाई, बेरोजगारी और नोएडा सेक्टर-150 की घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। पाली गांव में कार्यक्रम के दौरान उन्होंने संविधान, सुप्रीम कोर्ट और कानून व्यवस्था पर खुलकर अपनी बात रखी।

ग्रेटर नोएडा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचे, जहां उन्होंने पाली गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान अखिलेश यादव ग्रेटर नोएडा में तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रमों में शामिल हुए। यह उनका बीते दो महीनों में दूसरा ग्रेटर नोएडा दौरा बताया जा रहा है। दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने सुप्रीम कोर्ट में चल रही यूजीसी से जुड़ी बहस, मेट्रो परियोजनाओं, महंगाई, बेरोजगारी और नोएडा सेक्टर-150 की घटना को लेकर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला।


UGC पर सुप्रीम कोर्ट की रोक और संविधान का जिक्र
सुप्रीम कोर्ट द्वारा यूजीसी से जुड़े मुद्दे पर रोक लगाए जाने को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि यह मामला इस समय शीर्ष अदालत में है और वहां इस पर गंभीर बहस चल रही है। उन्होंने कहा कि कोर्ट में कई पक्ष सामने आएंगे और फैसला ऐसा होना चाहिए कि न दोषी बचे और न ही किसी निर्दोष के साथ अन्याय हो। अखिलेश यादव ने याद दिलाया कि वर्ष 2012 में भी रेगुलेशन आए थे और अब 2026 में नए रेगुलेशन लाए गए हैं, ऐसे में यह सवाल जरूरी है कि 2012 से हमने क्या सीखा। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान साफ कहता है कि देश में किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए, लेकिन संविधान और कानून होने के बावजूद आज भी समाज में भेदभाव और अन्याय देखने को मिलता है। उन्होंने दोहराया कि मामला सुप्रीम कोर्ट में है, इसलिए सभी को उसके फैसले का इंतजार करना चाहिए।


मेट्रो को लेकर बीजेपी पर तंज, रोजगार-महंगाई का मुद्दा उठाया
अखिलेश यादव ने मेट्रो परियोजनाओं को लेकर भी बीजेपी सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के भाषण में सुना गया कि दुनिया में सबसे ज्यादा मेट्रो भारत में बिछाई जा रही है, लेकिन नोएडा से ग्रेटर नोएडा और नोएडा से दिल्ली को जोड़ने वाली मेट्रो समाजवादी पार्टी की देन है। उन्होंने सवाल किया कि मौजूदा सरकार ने आखिर कौन-सी मेट्रो बिछाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बहुत आगे निकल गए हैं, सड़क वाली मेट्रो तो ठीक से चल नहीं पा रही और अब पानी में मेट्रो चलाने की बातें हो रही हैं। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार और नौकरी देने में पूरी तरह नाकाम रही है और सिर्फ महंगाई बढ़ाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के लोकसभा क्षेत्र में मेट्रो के लिए समाजवादी पार्टी ने डीपीआर और बजट दिया था, लेकिन अब वहां भी मेट्रो नहीं बनने दी जा रही है।


नोएडा सेक्टर-150 की घटना पर सरकार को घेरा
नोएडा सेक्टर-150 में हुई घटना को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के लोग बहुत होशियार हैं, हम और आपसे भी ज्यादा। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित युवराज मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन पुलिस समय पर नहीं पहुंची, जबकि पुलिस के पास जानकारी मौजूद थी। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले मौके पर पहुंचे, वे ठंडे पानी की वजह से आगे नहीं बढ़ पाए। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पूरे मामले को “मैनेज” कर लिया गया और इस पर कोई चर्चा नहीं होने दी जा रही है। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *