ग्रेटर नोएडा में महिला यूट्यूबर से छेड़छाड़, 27 किलोमीटर तक किया पीछा, पुलिस ने दबोचा तो कान पकड़कर मांगा माफी!
- Shiv Kumar
- 30 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा में एक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर से कथित तौर पर छेड़छाड़ और पीछा करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर से ग्रेटर नोएडा के परी चौक तक कार सवार युवकों ने महिला की गाड़ी का पीछा किया और उसके साथ अभद्रता की। महिला सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं और उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 50 लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। घटना के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है, हालांकि पुलिस के अनुसार अब तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
डीएनडी फ्लाईओवर से शुरू हुआ पीछा, परी चौक तक नहीं छोड़ा साथ
महिला के पति लखन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर पूरी घटना की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यह घटना करीब चार दिन पहले की है, जब उनकी पत्नी दिल्ली से ग्रेटर नोएडा स्थित अपने घर बीएमडब्ल्यू कार से लौट रही थीं। डीएनडी फ्लाईओवर के पास एक अन्य कार में सवार कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। जब महिला नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर आगे बढ़ीं, तब भी आरोपी पीछे-पीछे आते रहे। आरोप है कि इस दौरान कई बार कार को ओवरटेक करने की कोशिश की गई और अभद्र इशारे भी किए गए। यह सिलसिला परी चौक तक जारी रहा, जिससे महिला काफी डर गईं।
पति को फोन कर दी जानकारी, पुलिस मौके पर पहुंची
लगातार पीछा किए जाने से घबराई महिला ने अपने पति को फोन कर पूरी घटना बताई। उस समय उनका घर करीब 15 मिनट की दूरी पर था। सूचना मिलते ही पति तुरंत मौके की ओर रवाना हुए और पुलिस को भी जानकारी दी गई। नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। पुलिस का कहना है कि मौके पर स्थिति को संभाल लिया गया था, लेकिन पीड़िता या उसके परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई नहीं की जा सकी।
कार्रवाई से इनकार, पुलिस की तत्परता की तारीफ
लखन ने एक और वीडियो साझा करते हुए बताया कि पुलिस ने पूरे मामले में काफी तत्परता दिखाई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए तैयार थी। हालांकि, उन्होंने स्वयं किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि वे नहीं चाहते थे कि कथित तौर पर शामिल छात्रों का भविष्य खराब हो। उन्होंने इस दौरान ग्रेटर नोएडा पुलिस की कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना भी की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






