साइबर ठग बोला- मैं शेयर मार्केट का किंग हूं, मिनटों में पैसा कर देता हूं दोगुना, ग्रेटर नोएडा में युवक से ऐंठ लिए 56 लाख
- Shiv Kumar
- 30 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-50 निवासी एक इंजीनियर से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 56 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने खुद को निवेश विशेषज्ञ बताकर पीड़ित को मुनाफे का लालच दिया और अलग-अलग किश्तों में मोटी रकम ट्रांसफर करा ली। जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालनी चाही तो ठगों ने टैक्स के नाम पर और पैसे मांग लिए। इनकार करने पर संपर्क तोड़ दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वाट्सऐप मैसेज से शुरू हुआ ठगी का खेल
पीड़ित पेशे से इंजीनियर हैं और शेयर बाजार में निवेश को लेकर पहले से रुचि रखते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि नवंबर 2025 में उनके मोबाइल पर एक अज्ञात वाट्सऐप नंबर से मैसेज आया। मैसेज भेजने वालों ने खुद को शेयर बाजार का अनुभवी निवेश सलाहकार बताया और दावा किया कि उनके निर्देशों पर निवेश करने से 30 प्रतिशत तक मुनाफा मिल सकता है। शुरुआत में ठगों ने भरोसा जीतने के लिए शेयर बाजार से जुड़ी सामान्य जानकारी और तथाकथित ट्रेनिंग देना शुरू किया। लगातार बातचीत और प्रोफेशनल अंदाज में बात करने के कारण पीड़ित उनके झांसे में आ गया।
एप डाउनलोड कराकर 19 बार में कराए 56 लाख ट्रांसफर
आरोप है कि ठगों ने पीड़ित को एक खास एप डाउनलोड कराया, जिसे वे निवेश से जुड़ा प्लेटफॉर्म बता रहे थे। इस एप पर मुनाफा दिखाकर पीड़ित को और ज्यादा निवेश के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में निवेश के नाम पर रकम जमा कराने को कहा गया। पीड़ित ने 17 जनवरी तक कुल 19 बार में करीब 56 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। एप पर उसे मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाई देता रहा, जिससे उसका भरोसा और मजबूत होता चला गया। लेकिन हकीकत में यह पूरा सिस्टम फर्जी था।
रकम निकालने पर टैक्स का बहाना, फिर तोड़ा संपर्क
जब पीड़ित ने मुनाफे समेत अपनी पूरी रकम निकालने का प्रयास किया, तो ठगों ने टैक्स और प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर और रुपये मांगने शुरू कर दिए। पीड़ित को शक हुआ और उसने अतिरिक्त रकम देने से इनकार कर दिया। इसके बाद ठगों ने अचानक फोन और वाट्सऐप पर संपर्क तोड़ दिया। खुद को ठगा महसूस होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान कॉल, मैसेज या एप के जरिए निवेश के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






