सिक्योरिटी गार्ड के साथ मिलकर सोसाइटी के लोगों ने युवक को पीटा, बचाने आई मां का पैर टूटा, छह के खिलाफ केस दर्ज

top-news
नोएडा के सेक्टर-122 जनता फ्लैट में सिक्योरिटी को लेकर हुए विवाद के दौरान युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। बचाने आई मां का पैर टूट गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-122 के जनता फ्लैट में सिक्योरिटी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि सोसायटी के कुछ लोगों ने गार्ड के साथ मिलकर एक युवक को बेरहमी से पीटा। युवक को बचाने के लिए आई उसकी मां पर भी हमला किया गया, जिससे उनका पैर टूट गया। घायलों का इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।


गेट पर रोका, विरोध किया तो सड़क पर की पिटाई
पीड़ित रोशन यादव अपने परिवार के साथ जनता फ्लैट में रहते हैं। बुधवार रात जब वह घर लौटे तो सोसायटी के गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने कथित तौर पर शराब पीने का आरोप लगाते हुए उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। रोशन ने इस आरोप का विरोध किया और जबरन रोके जाने पर आपत्ति जताई। इसी दौरान गार्ड ने कथित तौर पर सोसायटी के कुछ पदाधिकारियों और अन्य लोगों को बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद संजय राणा, हिमांशु कश्यप, नीरजराज, एसके सुमन, अभिषेक और कलीम ने मिलकर रोशन के साथ गाली-गलौज शुरू की और देखते ही देखते सड़क पर लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया।


बीच-बचाव में आई मां पर हमला, सोसायटी के अंदर भी नहीं बख्शा
हंगामा बढ़ता देख रोशन की मां और परिवार के अन्य सदस्य उन्हें बचाने के लिए पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और मां को धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उनका पैर गंभीर रूप से टूट गया। इसके बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। पीड़ित के मुताबिक, रोशन को घसीटते हुए सोसायटी के अंदर ले जाया गया और जमीन पर गिराकर फिर से लात-घूसों से पीटा गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज कराया गया और मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।


पुलिस आयुक्त कार्यालय में दी शिकायत, वीडियो भी सौंपे
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पहले थाना स्तर पर उनकी बात नहीं सुनी गई, जिसके बाद वे गुरुवार को सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे और पूरी घटना की शिकायत दी। पीड़ित ने पुलिस को घटना से जुड़े वीडियो भी सौंपे हैं। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि यह मामला सोसायटी में सिक्योरिटी को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *