हाई स्पीड बाइकों से राहगीरों का मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे दो शातिर बदमाश, पुलिस ने सिखाया सबक, मुंह छिपाते आए नजर

top-news
नोएडा पुलिस ने हाई स्पीड बाइक से मोबाइल स्नैचिंग करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 23 मोबाइल फोन, दो बिना नंबर प्लेट की बाइक और तमंचा बरामद हुआ। आरोपी नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में वारदात करते थे।

नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में हाई स्पीड बाइक से मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को थाना सेक्टर-113 पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 23 लूटे गए मोबाइल फोन, दो बिना नंबर प्लेट की हाई स्पीड बाइक और एक तमंचा बरामद किया है। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड को लेकर अन्य जनपदों और राज्यों की पुलिस से भी संपर्क कर रही है। डीसीपी यमुना प्रसाद के अनुसार, लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए दोनों बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।


हाई स्पीड बाइक से देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरशाद उर्फ मिच्चू और जुलफाम के रूप में हुई है। दोनों को सेक्टर-123 इलाके से पकड़ा गया। इनके पास से एक KTM DUKE और एक बजाज पल्सर N250 बाइक बरामद की गई है, जिन पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस के अनुसार, ये दोनों बाइक हाई माइलेज और तेज रफ्तार के कारण इस्तेमाल करते थे, जिससे मोबाइल छीनने के बाद आसानी से भीड़ में ओझल हो जाते थे। बदमाश अक्सर पीछे से अचानक झपट्टा मारकर राह चलते लोगों के हाथ से मोबाइल छीन लेते थे और कुछ ही सेकंड में फरार हो जाते थे। इस तरीके से वे पुलिस की पकड़ से बचते रहे।


तमंचे के दम पर डराकर करते थे स्नैचिंग
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान इलाकों में लोगों को डराने के लिए अपने पास तमंचा रखते थे। बरामद तमंचा भी इसी उद्देश्य से रखा गया था। आरोपियों का कहना है कि कई बार पीड़ित मोबाइल छीनने का विरोध करते थे, ऐसे में तमंचा दिखाकर उन्हें डरा दिया जाता था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बदमाशों का मुख्य निशाना बाजार, मॉल के बाहर, व्यस्त सड़कें और भीड़भाड़ वाले इलाके होते थे। वहां लोग मोबाइल पर बात करते हुए या हाथ में फोन लेकर चलते हैं, जिससे स्नैचिंग करना उनके लिए आसान हो जाता था।


नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में फैला था नेटवर्क
डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि दोनों बदमाश नोएडा के अलावा गाजियाबाद और दिल्ली के कई इलाकों में भी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। बरामद 23 मोबाइल फोन अलग-अलग कंपनियों के हैं, जिनकी पहचान और मालिकों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इनके तार किसी बड़े स्नैचिंग गैंग से जुड़े हैं। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और जल्द ही इनके अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *