बाइक के साइलेंसर से पटाखे की आवाज निकालते हुए जा रहे थे दो युवक, शराब पी रहे चार नशेड़ी हो गए डिस्टर्ब, फिर हो गया कांड!

top-news
ग्रेटर नोएडा के बादलपुर में बुलेट के साइलेंसर से पटाखे छोड़ने पर हुए विवाद में शराब के नशे में युवक की ईंट से हत्या कर दी गई। पुलिस ने 13 दिन बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।

ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में 13 दिन पहले हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शराब के नशे में धुत आरोपियों ने बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर से पटाखे छोड़ने को लेकर हुए विवाद में दो लोगों पर हमला किया था। इस दौरान एक व्यक्ति की ईंट से वार कर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है। घटना 17 जनवरी को कुड़ीखेड़ा गांव की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी।


खेत की रखवाली के दौरान हुआ हमला, ईंट से की गई हत्या
पुलिस के अनुसार 17 जनवरी की रात कृष्णपाल और सुंदर अपने खेतों की रखवाली करने के लिए निकले थे। दोनों बुलेट मोटरसाइकिल से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के पास कुछ युवक बैठकर शराब पी रहे थे। मोटरसाइकिल के साइलेंसर से तेज आवाज और पटाखे जैसी आवाज निकलने पर आरोपियों ने दोनों को रोक लिया। पहले गाली-गलौज शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चारों आरोपियों ने ईंट उठाकर कृष्णपाल और सुंदर पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से कृष्णपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।


हादसा दिखाने की कोशिश, बाइक टकराई और फोन तोड़े
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि आरोपियों ने घटना को हादसा दिखाने की साजिश रची थी। उन्होंने दोनों को घायल हालत में छोड़कर मोटरसाइकिल को पास के खंभे से टकरा दिया, ताकि यह लगे कि हादसा हुआ है। इसके अलावा पीड़ितों के मोबाइल फोन भी तोड़कर फेंक दिए गए, जिससे वे किसी को सूचना न दे सकें। सुबह जब ग्रामीणों ने खेत के पास शव और घायल युवक को देखा तो हड़कंप मच गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल सुंदर को अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद मामले में हत्या और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया।


150 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले, चार आरोपी गिरफ्तार
घटना के खुलासे के लिए बादलपुर थाना पुलिस ने दो टीमों का गठन किया। टीमों ने गांव और आसपास के इलाकों में लगे 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। जांच के बाद पुलिस ने गाजियाबाद निवासी मनीष, कुड़ीखेड़ा निवासी अमित और आकाश तथा बागपत निवासी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चारों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के अनुसार चारों आरोपी 12वीं तक पढ़े हुए हैं और अलग-अलग काम करते हैं। फिलहाल घायल सुंदर का इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *