ग्रेटर नोएडा में रात को सोए पति-पत्नी और बच्चे, सुबह आया हैरान करने वाला मामला, जानकर आप भी हो जाएंगे शॉक्ड!
- Shiv Kumar
- 31 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा के सदल्लापुर गांव में एक दंपति की संदिग्ध हालात में मौत और उनके तीन बच्चों के बीमार पड़ने से इलाके में सनसनी फैल गई है। ईकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र की इस घटना में शुरुआती जांच में सामने आया है कि बुधवार रात पूरे परिवार ने दाल-चावल खाए थे, जिसके कुछ समय बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उल्टियां शुरू होने के बाद हालात तेजी से खराब होते चले गए। सुबह जब परिजनों को होश आया, तो माता-पिता की मौत हो चुकी थी, जबकि तीनों बच्चे बेहोशी की हालत में मिले।
खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, सुबह मिला दर्दनाक मंजर
दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती दंपति की बड़ी बेटी वैष्णवी ने पुलिस को बताया कि खाना खाने के कुछ देर बाद सभी को उल्टियां होने लगी थीं। रात में हालत बिगड़ती चली गई, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि सुबह इतना बड़ा हादसा सामने आएगा। सुबह होश आने पर वैष्णवी ने देखा कि उसके पिता श्रवण कुमार फर्श पर पड़े थे, जबकि गर्भवती मां नीलम बाहर गैलरी में सीढ़ियों के पास बेसुध मिलीं। सबसे छोटी बेटी लाडो ने हिम्मत दिखाते हुए मोबाइल फोन से पड़ोसी रामशंकर को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
गैलरी में मिला मां का शव, बाहर निकलने की कोशिश की आशंका
एडिशनल डीसीपी सेंट्रल जोन नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि श्रवण कुमार का शव मकान के पीछे बने कमरे में फर्श पर पड़ा मिला, जबकि नीलम का शव बाहर गैलरी में सीढ़ियों के पास था। नीलम के पैरों में चप्पल होने से यह आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने तबीयत बिगड़ने पर बाहर निकलकर मदद लेने की कोशिश की होगी। तीनों बच्चे कमरे के बेड पर बेहोशी की हालत में मिले, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली रेफर किया गया, जहां अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जहर की पुष्टि नहीं, बिसरा और नमूने जांच के लिए भेजे गए
पुलिस को घटनास्थल से न तो कोई सुसाइड नोट मिला है और न ही किसी तरह की जहरीली दवा, शीशी या रैपर बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दंपति की मौत किस जहरीले पदार्थ से हुई और वह शरीर में कैसे पहुंचा। इसी वजह से पुलिस ने दोनों का बिसरा सुरक्षित रख लिया है। साथ ही उल्टी के नमूने भी जांच के लिए गाजियाबाद लैब भेजे गए हैं, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
सीसीटीवी नहीं, जांच में बढ़ी चुनौती
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि आसपास किसी भी तरह का सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण यह पता लगाना मुश्किल हो गया है कि दिन या रात में घर में कौन-कौन आया था और आखिर क्या हुआ। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर हर एंगल से जांच कर रही है। लैब रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह हादसा था, जहरखुरानी या किसी साजिश का नतीजा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






