ग्रेटर नोएडा में तालाब में मिला चौंकाने वाला सामान, वीडियो हो गया वायरल, जानकर आप भी कहेंगे- गजब लापरवाही है!

top-news
ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां तालाब से 100 से अधिक बिजली सप्लाई बॉक्स फेंक दिए गए हैं। वीडियो वायरल होने पर जांच के आदेश दिए गए हैं। साथ ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। भट्टा और मुतैना गांव के बीच स्थित एक तालाब में शुक्रवार को भारी संख्या में बिजली सप्लाई के बॉक्स मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों द्वारा बनाए गए वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही यूपीपीसीएल की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। तालाब के अंदर करीब 100 से अधिक बिजली सप्लाई बॉक्स साफ नजर आ रहे हैं, जिन्हें देखकर ग्रामीण भी हैरान हैं। बताया जा रहा है कि पानी का स्तर कम होने के कारण ये बॉक्स अब पूरी तरह दिखाई देने लगे हैं।


तालाब में छिपाए गए बिजली सप्लाई बॉक्स
ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार को जब कुछ लोग सड़क से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर तालाब में पड़े इन बॉक्सों पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि ये वही बॉक्स हैं, जिनका इस्तेमाल गांवों में बिजली आपूर्ति के दौरान किया जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि यूपीपीसीएल के कर्मचारियों ने जानबूझकर इन बॉक्सों को तालाब में फेंक दिया या छिपा दिया था। उनका कहना है कि यह कदम बिजली चोरी को बढ़ावा देने और विभागीय अनियमितताओं को छिपाने के लिए उठाया गया हो सकता है। ग्रामीणों ने पूरे मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।


बिजली विभाग को आर्थिक नुकसान, सुरक्षा पर भी खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से बिजली विभाग को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। तालाब में पड़े इन बॉक्सों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही आम लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि पानी में पड़े बिजली उपकरण किसी भी समय हादसे का कारण बन सकते हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि जिस तालाब में ये बॉक्स मिले हैं, उससे कुछ ही दूरी पर भट्टा गांव का बिजलीघर स्थित है, जिससे संदेह और गहराता है कि यह सब सुनियोजित तरीके से किया गया।


सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, जांच की मांग तेज
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग बिजली विभाग की जमकर आलोचना कर रहे हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर बिजली सप्लाई बॉक्स तालाब में कैसे पहुंच गए और इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को क्यों नहीं हुई। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। फिलहाल बिजली विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मामला उजागर होने के बाद विभाग पर कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *