आबादी बचाओ अभियान, यमुना विकास प्राधिकरण के कार्यालय पर जुटेंगे किसान, ये है पूरा प्लान!
- Shiv Kumar
- 02 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा। किसान एकता संघ द्वारा चलाए जा रहे ‘आबादी बचाओ अभियान’ के तहत रविवार को ग्रेटर नोएडा के अच्छेजा बुजुर्ग गांव में किसानों की एक अहम पंचायत आयोजित की गई। पंचायत जावेद सोलंकी के आवास पर हुई, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में आबादी से जुड़े मुद्दों, किसानों की जमीन और भविष्य को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पंचायत में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि गांवों की आबादी का निस्तारण लंबे समय से लंबित है, जिससे किसानों में असंतोष बढ़ रहा है। बैठक के दौरान आगामी आंदोलन की रणनीति पर भी सहमति बनी और किसानों से एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की गई।
आबादी का मुद्दा किसानों की आने वाली पीढ़ी से जुड़ा: सोरन प्रधान
पंचायत को संबोधित करते हुए किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने कहा कि आबादी का मुद्दा केवल जमीन का नहीं बल्कि किसानों की आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का सवाल है। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों की आबादी का समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस बार किसान पीछे हटने वाले नहीं हैं और जरूरत पड़ी तो आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इसी क्रम में उन्होंने घोषणा की कि 16 फरवरी को यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के कार्यालय पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसमें हजारों किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
हर गांव में बैठकें कर किसानों को जोड़ा जा रहा
प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने पंचायत के संचालन के दौरान बताया कि संगठन द्वारा गौतमबुद्ध नगर के विभिन्न गांवों में लगातार बैठकें की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान इस अभियान से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन गंभीर है और महापंचायत को सफल बनाने के लिए गांव-गांव संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। पंचायत में मौजूद ग्रामीणों ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि आबादी से जुड़े मुद्दों का जल्द समाधान होना चाहिए, ताकि गांवों में रहने वाले लोगों को राहत मिल सके और भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित व्यवस्था बन सके।
ग्रामीणों ने आंदोलन में साथ देने का भरोसा जताया
बैठक के दौरान मौजूद किसानों और ग्रामीणों ने किसान एकता संघ के नेतृत्व को पूरा समर्थन देने की बात कही। लोगों का कहना था कि आबादी से जुड़े मुद्दों को लेकर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकला। पंचायत में अखिलेश प्रधान, शिवम शर्मा, राकेश सैनी, लक्ष्मण सैनी, दीपु सैनी, मेहरबान अली और इंतजाम अली समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। पंचायत के अंत में किसानों से आंदोलन में बड़ी संख्या में भागीदारी की अपील की गई, ताकि प्रशासन तक उनकी मांग मजबूती से पहुंच सके और समस्याओं का जल्द समाधान हो सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






