नोएडा से लेकर अलग-अलग शहरों और राज्यों में करते थे गांजा तस्करी, पुलिस ने चार को दबोचा, हाथ जोड़कर बोले- अब नहीं करेंगे, माफ कर दो सर!

top-news
नोएडा फेस-3 थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का खुलासा करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 31 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिस के सामने हाथ जोड़े नजर आए।

नोएडा कमिश्नर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फेस-3 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में अवैध गांजे की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 30.686 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरवन, नीतीश, राज नारायण और लव कुमार के रूप में हुई है, जो अलग-अलग जनपदों के निवासी हैं और लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे।


टीपी नगर चौराहे के पास दबोचे गए आरोपी, लंबे समय से चल रहा था नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को फेस-3 थाना क्षेत्र के टीपी नगर चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि यह गिरोह बाहर के राज्यों से अवैध गांजा लाकर नोएडा और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था। तस्कर पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलते रहते थे और अलग-अलग माध्यमों से माल की ढुलाई करते थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह काफी समय से सक्रिय था और स्थानीय स्तर पर एक मजबूत सप्लाई चैन बना चुका था। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर रही है।


झुग्गी बस्तियों में होती थी सप्लाई, पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि गिरोह के मुख्य ग्राहक नोएडा की विभिन्न झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोग थे, जहां छोटे स्तर पर गांजे की बिक्री की जाती थी। आरोपियों पर पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी समेत अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य संगठित तरीके से काम करते थे और कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए बड़े स्तर पर अवैध सप्लाई कर रहे थे। अब पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क को खत्म किया जा सके।


एडीसीपी ने दी जानकारी, आगे भी चलेगा अभियान
सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सप्लायर और खरीदारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके और अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *