ग्रेटर नोएडा में समस्याओं का निस्तारण न होने पर किसानों का चढ़ा पारा, 12 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल का एलान

top-news
ग्रेटर नोएडा के जैतपुर में किसान सभा का आयोजन हुआ। इस बैठक में 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल और 16 फरवरी को यमुना प्राधिकरण का घेराव करने का एलान किया गया। किसानों ने कहा है कि अगर हमारी मांगे पूरी नहीं हुईं तो आर-पार की लड़ाई होगी।

ग्रेटर नोएडा के जैतपुर स्थित किसान सभा कार्यालय में जिला कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें किसानों और ग्रामीण आबादी से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन 12 फरवरी को होने वाली देशव्यापी हड़ताल में सक्रिय रूप से भाग लेगा। इसके साथ ही 16 फरवरी को यमुना प्राधिकरण कार्यालय पर किसान एकता संघ की प्रस्तावित महापंचायत और घेराव कार्यक्रम का समर्थन करते हुए उसमें शामिल होने का भी फैसला लिया गया। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान के लिए अब आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


हड़ताल और किसान मुद्दों को लेकर बनाई गई रणनीति

किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने बताया कि संगठन लंबे समय से आबादी निस्तारण, भूमिहीन लोगों को वेंडिंग जोन में दुकान आवंटन में आरक्षण, सर्किल रेट में बढ़ोतरी और 10 प्रतिशत प्लॉट के मुद्दे को लेकर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण स्तर पर दबाव बनाए जाने के कारण अब आबादी निस्तारण की प्रक्रिया में कुछ तेजी आई है और 20 गांवों के मामलों का निस्तारण 10 फरवरी को प्रस्तावित है। उन्होंने यह भी बताया कि किसान सभा के आंदोलनों के चलते 854 प्रकरणों की सुनवाई के बाद आबादी निस्तारण की प्रक्रिया आगे बढ़ी है, जबकि इस संघर्ष के दौरान कई कार्यकर्ताओं को वर्ष 2023 और 2024 में जेल भी जाना पड़ा।


सरकारी नीतियों पर उठे सवाल, आंदोलन तेज करने का ऐलान

बैठक के दौरान किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने केंद्र सरकार द्वारा यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ हुई व्यापारिक डील की आलोचना की और आरोप लगाया कि इससे भारतीय किसानों के हित प्रभावित होंगे। वहीं जिला महासचिव जगबीर नंबरदार ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के दावे अब तक जमीन पर नहीं उतर पाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कृषि उत्पादों के आयात को बढ़ावा दिया गया तो स्थानीय किसान और संकट में आ जाएंगे। बैठक में तय हुआ कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए 12 फरवरी की हड़ताल और आगे के आंदोलनों को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *