नोएडा में बनवाया फर्जी पासपोर्ट, 6 पर एफआईआर दर्ज, आरोपियों ने दी थी ये गलत जानकारी
- Shiv Kumar
- 10 Feb, 2026
नोएडा में गलत जानकारी देकर पासपोर्ट बनवाने और उसका इस्तेमाल करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। दिल्ली की रहने वाली एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ नोएडा के सेक्टर-24 थाने में मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसके पति और परिजनों ने जानबूझकर अपने माता-पिता और पारिवारिक पहचान से जुड़ी गलत जानकारी सरकारी दस्तावेजों में दर्ज कराई और उसी आधार पर पासपोर्ट बनवाकर उसका उपयोग भी किया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद सामने आया दस्तावेजों में अंतर
शिकायतकर्ता सुगंधा राजदान ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी वर्ष 2018 में अंगद खुशु से हुई थी। शादी के समय उन्हें जो पारिवारिक जानकारी दी गई, वह बाद में गलत निकली। महिला के अनुसार, शादी के बाद उन्हें पता चला कि पति और उसके परिवार के कुछ सदस्यों ने पासपोर्ट और अन्य सरकारी कागजों में माता-पिता के नाम और पारिवारिक विवरण अलग-अलग दर्ज कराए हैं। जब महिला ने इस पर सवाल उठाया तो परिवार ने पासपोर्ट में दर्ज जानकारी को सही बताया। लेकिन बाद में अलग-अलग दस्तावेजों की जांच में कई जगहों पर नाम और संबंधों में अंतर सामने आया, जिससे महिला को धोखाधड़ी का शक हुआ।
अन्य परिजनों पर भी गलत जानकारी देने का आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि सिर्फ उसके पति ही नहीं, बल्कि परिवार के अन्य सदस्यों ने भी कथित तौर पर गलत जानकारी देकर पासपोर्ट बनवाए हैं। आरोप है कि शादी से जुड़े कागजात, पहचान पत्र और अन्य सरकारी दस्तावेजों में भी अलग-अलग जानकारी दर्ज कराई गई, जिससे असली पहचान छिपाने की कोशिश की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अंगद खुशु, अंकित, अंकुर, किरन, दीपक और सतवीर खुशु के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब मार्कशीट, पहचान पत्र और पासपोर्ट के विवरण का मिलान किया जा रहा है ताकि सच्चाई स्पष्ट हो सके।
जांच के बाद बढ़ सकती हैं धाराएं
महिला ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और यह भी कहा है कि कुछ अन्य रिश्तेदार भी इस प्रक्रिया में शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी दस्तावेजों की सत्यता की जांच की जा रही है और संबंधित विभागों से भी जानकारी मांगी गई है। एसीपी स्वतंत्र सिंह के अनुसार, यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपियों के खिलाफ आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा जरूरत पड़ने पर धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कानूनी और दस्तावेजी जांच में जुटी हुई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






