गौतमबुद्धनगर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अच्छा काम करने वाले बीएलओ को किया सम्मानित

top-news
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नोएडा में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर सुनवाई केंद्रों और बीएलओ कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को पारदर्शी निस्तारण और अधिक से अधिक मतदाताओं को सूची में शामिल करने के निर्देश दिए गए।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जनपद दौरे के दौरान अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-119 स्थित मिलेनियम पब्लिक स्कूल में बने नोटिस सुनवाई केंद्र का जायजा लिया और सेक्टर-91 के पंचशील बालक इंटर कॉलेज में नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ और सुपरवाइजरों से सीधे संवाद कर कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मतदाताओं की शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए, ताकि किसी भी पात्र नागरिक को मतदान अधिकार के उपयोग में दिक्कत न हो।


नागरिक सुविधाओं और शिकायत निस्तारण पर दिया विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सुनवाई केंद्रों की व्यवस्था, शिकायत समाधान प्रणाली और मतदाताओं को मिल रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र पर मौजूद नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। इस दौरान आरडब्ल्यूए और एओए प्रतिनिधियों से भी चर्चा कर पुनरीक्षण प्रक्रिया में उनके सहयोग की सराहना की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नागरिकों से व्यवहार शालीन और संवेदनशील रखा जाए तथा मतदाता जागरूकता शिविरों को और बढ़ाया जाए। जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि बूथ और सोसाइटी स्तर पर अब तक 114 विशेष शिविर लगाए जा चुके हैं, वहीं वीडियो कॉल सत्यापन और डिजिटल दस्तावेज जांच जैसी सुविधाएं भी शुरू की गई हैं, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।


बीएलओ की भूमिका को बताया सबसे महत्वपूर्ण
इसके बाद आयोजित संवाद कार्यक्रम में बीएलओ और सुपरवाइजरों से मतदाता सूची अपडेट, नए पंजीकरण, नाम संशोधन और स्थानांतरण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में बीएलओ की भूमिका सबसे अहम है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम सूची में जोड़ना जरूरी है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने घर-घर सत्यापन और जनजागरूकता अभियानों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 243 बीएलओ को प्रशस्ति पत्र और ओडीओपी उपहार देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पुनरीक्षण अभियान को पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *