नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, क्रू-शिप कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी
- Shiv Kumar
- 11 Feb, 2026
नोएडा में साइबर क्राइम थाना पुलिस और सेक्टर-126 थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने नोएडा में क्रू-शिप कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 11 फरवरी को सेक्टर-132 क्षेत्र में की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को झांसा देकर बड़ी रकम वसूल रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, कॉलिंग डेटा, फर्जी जॉइनिंग लेटर और बैंक से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क और बैंक लेन-देन की भी जांच कर रही है।
फर्जी कंपनी बनाकर युवाओं को विदेश नौकरी का लालच दिया जाता था
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ‘सी हायर मरीन सर्विस कंपनी’ नाम से सेक्टर-132 में फर्जी कंपनी संचालित कर रहे थे। यह गिरोह नौकरी की तलाश कर रहे लोगों से फोन और ऑनलाइन माध्यम से संपर्क कर उन्हें क्रू-शिप में विदेश नौकरी का लालच देता था। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर प्रति व्यक्ति एक से सवा लाख रुपये तक की रकम ली जाती थी। जांच में पता चला कि इस तरीके से विभिन्न बैंक खातों में करीब एक करोड़ रुपये जमा कराए गए। बरामद बैंक खातों से जुड़े मामलों में केरल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
कॉलिंग डेटा और फर्जी दस्तावेजों से चलता था पूरा रैकेट
पुलिस ने मौके से तीन लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, कॉलिंग डेटा शीट, रजिस्टर, कंपनी की मोहर, जॉइनिंग लेटर और बैंक पासबुक सहित कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह सुनियोजित तरीके से काम करता था और बेरोजगार युवाओं को जल्द नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर ठगी करता था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जालौन, अलीगढ़, गौतमबुद्धनगर और कानपुर के रहने वाले युवकों के रूप में हुई है। इनके खिलाफ साइबर क्राइम थाने में आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






