ग्रेटर नोएडा में दहशत, फ्लैट के बाहर रखे सामानों में बिना वजह ही लग रही आग, एक हफ्ते में चार घटनाओं से पैनिक हुए लोग
- Shiv Kumar
- 12 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही रहस्यमयी आगजनी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। मामला बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित पैरामाउंट इमोशंस सोसाइटी का है, जहां अलग-अलग टावरों में फ्लैट के बाहर रखे सामान में अचानक आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। अब तक चार अलग-अलग जगहों पर ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य दुर्घटना माना, लेकिन बार-बार हो रही घटनाओं ने सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। निवासी अब इस मामले की सख्त जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
फ्लैट के बाहर रखे सामान में अचानक लग रही आग
सोसाइटी के निवासियों के अनुसार, पहली घटना को सामान्य हादसा मान लिया गया था, लेकिन इसके बाद अलग-अलग टावरों में लगातार ऐसी घटनाएं होने लगीं। निवासी अमन सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले शाम को उनके फ्लैट के बाहर जलने जैसी तेज गंध महसूस हुई। बाहर निकलकर देखा तो पड़ोसी के घर के बाहर रखे जूतों में आग लगी हुई थी। आसपास के लोगों ने तुरंत मिलकर आग बुझा दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। उस समय लोगों को लगा कि शायद किसी ज्वलनशील वस्तु या जलते टुकड़े की वजह से आग लगी होगी, लेकिन इसके बाद दोबारा ऐसी घटना होने से लोगों की चिंता बढ़ गई।
दूसरे टावर में साइकिल में लगी आग, बढ़ा डर का माहौल
कुछ ही दिनों बाद दूसरे टावर में एक फ्लैट के बाहर खड़ी साइकिल में अचानक आग लग गई। लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन इससे सोसाइटी में दहशत का माहौल बन गया। निवासी गौरव गुप्ता का कहना है कि एक सप्ताह में चार अलग-अलग टावरों में आग लगना सामान्य बात नहीं हो सकती। लोगों को अब शक है कि कोई शरारती तत्व जानबूझकर ऐसी घटनाएं कर रहा है। वहीं कुछ लोग इसे अंधविश्वास या किसी अज्ञात वजह से जोड़कर भी देख रहे हैं। हालांकि अब तक किसी को आग लगाते हुए नहीं देखा गया है, जिससे रहस्य और गहराता जा रहा है।
पुलिस जांच शुरू, सुरक्षा बढ़ाने की मांग तेज
निवासियों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। कई टावरों में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद अभी तक किसी संदिग्ध की पहचान नहीं हो सकी है। सोसाइटी के लोगों ने प्रबंधन और पुलिस से अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और नियमित गश्त की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है और घटनाओं के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल निवासी सतर्क हैं और सोसाइटी में सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






