इंडिया-अमेरिका ट्रेड डील का विरोध, सड़क पर उतरने से पहले पुलिस ने किसान नेताओं को रोका, एसीपी को सौंपा ज्ञापन

top-news
नोएडा में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में भारतीय किसान संगठन ने प्रदर्शन की कोशिश की, जिसे पुलिस ने रोक दिया। बाद में संगठन ने एसीपी को ज्ञापन सौंपकर समझौते पर पुनर्विचार और किसानों के हितों की रक्षा की मांग उठाई।

नोएडा में भारत सरकार और अमेरिका के बीच हुए हालिया व्यापार समझौते के विरोध में गुरुवार को भारतीय किसान संगठन ने विरोध प्रदर्शन की कोशिश की। संगठन के नोएडा महानगर अध्यक्ष दीपू यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-52 स्थित कार्यालय पर समझौते की प्रतिलिपि जलाकर विरोध जताने का कार्यक्रम घोषित किया था। हालांकि, कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन को रोक दिया। इसके बाद पुलिस और संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर तक तीखी नोकझोंक भी हुई। हालात को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया और प्रदर्शन को आगे बढ़ने से रोक दिया।


पुलिस से नोकझोंक के बाद सौंपा गया ज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस बढ़ने लगी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर स्थिति को शांत कराया गया। अंततः भारतीय किसान संगठन के प्रतिनिधियों ने एसीपी तृतीय राकेश प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। संगठन के महानगर अध्यक्ष दीपू यादव ने कहा कि इस व्यापार समझौते के तहत अमेरिकी कृषि उत्पाद भारतीय बाजार में कम या बिना आयात शुल्क के आ सकेंगे, जिससे देश के किसानों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि देश की बड़ी आबादी खेती और उससे जुड़े कामों पर निर्भर है, ऐसे में यह निर्णय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर सकता है। संगठन ने सरकार से इस समझौते की शर्तों पर पुनर्विचार की मांग की है।


किसानों के हितों से समझौता नहीं होना चाहिए: संगठन
दीपू यादव ने कहा कि देश के किसान हर परिस्थिति में देश के साथ खड़े रहे हैं, लेकिन ऐसे समझौते किसानों के भविष्य पर असर डाल सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के पूर्व बयान का हवाला देते हुए कहा कि किसानों के हितों की रक्षा का आश्वासन दिया गया था, इसलिए सरकार को इस मुद्दे पर स्पष्टता लानी चाहिए। संगठन का आरोप है कि समझौते के तहत भारत को अमेरिका से बड़ी मात्रा में सामान खरीदना पड़ेगा, जिसका आर्थिक असर पड़ सकता है। प्रदर्शन स्थल पर पूरण प्रधान, शान प्रजापति, राजेश पहलवान, रहीसुद्दीन, अनिल, अशोक यादव, विष्णु, दिनेश यादव, अनमोल ऋषि पाल और अजब चौहान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *