किसान एकता संघ की बैठक, यमुना अथॉरिटी पर महापंचायत की तैयारियों पर बनी रणनीति, रोजगार की भी मांग

top-news
ग्रेटर नोएडा में किसान एकता संघ ने यीडा कार्यालय पर प्रस्तावित किसान महापंचायत की तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन ने स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

ग्रेटर नोएडा में किसान एकता संघ ने यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) कार्यालय पर प्रस्तावित किसान महापंचायत को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार को जेवर की आरआर कॉलोनी स्थित नगर अध्यक्ष के आवास पर एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान ने की, जबकि संचालन प्रदेश अध्यक्ष पंडित प्रमोद शर्मा ने किया। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महापंचायत की रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि क्षेत्र में उद्योग तो लग रहे हैं, लेकिन स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। इस मुद्दे को लेकर संगठन अब बड़े आंदोलन की तैयारी में जुट गया है।


स्थानीय युवाओं की अनदेखी का आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष वनीश प्रधान ने जनप्रतिनिधियों पर स्थानीय युवाओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में बड़ी संख्या में उद्योग स्थापित हुए हैं, लेकिन इन कंपनियों में दूर-दराज जिलों से लोगों को नौकरी दी जा रही है, जबकि स्थानीय पढ़े-लिखे युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। उन्होंने इसे दोहरा रवैया बताते हुए कहा कि यदि जल्द ही रोजगार में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता नहीं दी गई तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़ा यह मुद्दा अब पूरे जिले का प्रमुख मुद्दा बन चुका है और इसे लेकर संगठन पीछे नहीं हटेगा।


जनप्रतिनिधियों को चुनाव में जवाब देने की चेतावनी
बैठक में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सांसद और विधायक स्थानीय लोगों के वोट से जीतते हैं, लेकिन रोजगार जैसे अहम मुद्दे पर क्षेत्र के युवाओं की आवाज नहीं उठाते। संगठन के पदाधिकारियों ने साफ कहा कि अगर हालात नहीं बदले तो आने वाले समय में इसका राजनीतिक असर भी देखने को मिलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐसे जनप्रतिनिधियों से जनता जवाब मांगेगी। संगठन ने महापंचायत को सफल बनाने के लिए गांव-गांव संपर्क अभियान चलाने का भी निर्णय लिया।


महापंचायत को लेकर संगठन की तैयारी तेज
बैठक में युवा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विक्रम नागर, मनीष एडवोकेट, प्रदेश प्रवक्ता उमेद एडवोकेट, प्रमोद हूण, फिरोज खान, फरमान त्यागी, भूरा खान, इसराइल खान, दीपक कुमार, नीरज शर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों का कहना है कि यह आंदोलन केवल रोजगार का मुद्दा नहीं बल्कि क्षेत्र के विकास और युवाओं के भविष्य से जुड़ा हुआ है। संगठन जल्द ही महापंचायत की तारीख और आगे की रणनीति की औपचारिक घोषणा भी करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *