IIMT कॉलेज में छात्र संसद का आयोजन, चीफ गेस्ट शुभांशु शुक्ला हुए शामिल, आगे बढ़ने का दिया संदेश

top-news
ग्रेटर नोएडा के IIMT कॉलेज में छात्र संसद कार्यक्रम में अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने छात्रों को प्रेरित किया। अंतरिक्ष यात्रा के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने युवाओं को लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।

ग्रेटर नोएडा में स्थित आईआईएमटी कॉलेज में आयोजित ‘बॉर्डरलेस भारत कॉन्क्लेव’ ने छात्रों में खासा उत्साह भर दिया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, जिन्होंने अपने अंतरिक्ष सफर और संघर्षों की कहानी साझा करते हुए छात्रों को बड़े सपने देखने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षकों ने भाग लिया। मंच पर पहुंचे शुभांशु शुक्ला का जोरदार स्वागत हुआ और छात्रों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नई सोच और लक्ष्य की ओर प्रेरित करना रहा।


युवाओं को सही दिशा मिले तो दुनिया बदल सकते हैं: शुभांशु शुक्ला
शुभांशु शुक्ला ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के युवाओं में अपार क्षमता है, लेकिन उसे सही दिशा देने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि उनके छात्र जीवन में मोबाइल और डिजिटल सुविधाएं नहीं थीं, इसलिए ध्यान भटकने की समस्या कम थी, जबकि आज के समय में युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती फोकस बनाए रखना है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे सोशल मीडिया और तकनीक का इस्तेमाल सीखने और आगे बढ़ने के लिए करें, न कि समय बर्बाद करने के लिए। उनके अनुभवों को सुनकर छात्रों में नई ऊर्जा देखने को मिली और कई छात्रों ने अंतरिक्ष विज्ञान और रिसर्च में करियर बनाने की इच्छा जताई।


अंतरिक्ष यात्रा के भावुक पल ने छात्रों को किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में बिताए अपने 20 दिनों के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने में उन्हें 41 साल से अधिक का समय लगा और यह सफर संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने उस भावुक पल का जिक्र किया जब अंतरिक्ष से उनकी बातचीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई और अंतरिक्ष में भारत का झंडा लहराने का मौका मिला। यह पल उनके जीवन का सबसे गर्व भरा क्षण रहा। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ का सपना तभी साकार होगा जब युवा जिम्मेदारी के साथ अपने लक्ष्य तय करेंगे और देश के विकास में योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *