नोएडा में तगड़ा फ्रॉड, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, पूरे देश में घूम-घूमकर करता था धोखाधड़ी, मामला जान दंग रह जाएंगे आप

top-news
नोएडा साइबर क्राइम पुलिस ने निवेश के नाम पर 60 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को रामपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी व्हाट्सएप लिंक के जरिए लोगों को फर्जी ऑनलाइन स्टोर में निवेश कराता था। कई राज्यों में उसके खिलाफ शिकायतें दर्ज हैं।

नोएडा साइबर क्राइम पुलिस ने निवेश के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को रामपुर से पकड़ा। पकड़े गए आरोपी की पहचान शहनवाज के रूप में हुई है, जिसके पास से 26 कॉलिंग शीट भी बरामद हुई हैं, जिनमें कई लोगों का डेटा दर्ज मिला है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन-किन लोगों और गिरोहों से जुड़ा हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी निवेश और ऑनलाइन स्टोर के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर बड़ी रकम हड़पता था और इसके लिए साइबर गिरोहों को बैंक खाते उपलब्ध कराता था।


व्हाट्सएप लिंक भेजकर लोगों को निवेश के जाल में फंसाता था आरोपी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी WhatsApp के जरिए लोगों को फर्जी ऑनलाइन स्टोर चलाने का ऑफर देता था और अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश कराता था। कई मामलों में पीड़ितों को बताया जाता था कि वे ऑनलाइन प्रोडक्ट बेचकर तेजी से पैसा कमा सकते हैं। भरोसा जीतने के बाद उनसे बड़ी रकम ट्रांसफर करवा ली जाती थी। एडीसीपी शैव्या गोयल के अनुसार, आरोपी अपना बैंक खाता भी साइबर अपराधियों को इस्तेमाल के लिए देता था और इसके बदले कमीशन लेता था। हाल ही में एक पीड़ित से इसी तरीके से 60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया, जिसके बाद जांच तेज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।


देश के कई राज्यों में दर्ज हैं धोखाधड़ी की शिकायतें

मामले की जांच कर रही उत्तर प्रदेश पुलिस ने बताया कि आरोपी के बैंक खाते का इस्तेमाल कई राज्यों में ठगी के मामलों में हुआ है। खाते के खिलाफ महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, केरल और कर्नाटक सहित कुल 15 शिकायतें दर्ज मिली हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी और उसके नेटवर्क ने अलग-अलग मामलों में करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये तक की रकम प्राप्त की। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।


साइबर ठगी से बचाव को लेकर पुलिस ने जारी की सलाह

पुलिस का कहना है कि निवेश के नाम पर तेजी से पैसा कमाने का लालच देने वाले ऑनलाइन संदेशों से सावधान रहना जरूरी है। किसी भी अनजान लिंक या निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें। साइबर क्राइम विशेषज्ञों का कहना है कि जागरूकता ही इस तरह के अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *