बिसरख डूब क्षेत्र में ताबड़तोड़ चला प्राधिकरण का बुलडोजर, 30 हजार वर्गमीटर जमीन कराई कब्जा मुक्त

top-news
ग्रेटर नोएडा के बिसरख डूब क्षेत्र में प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 हजार वर्गमीटर जमीन कब्जे से मुक्त कराई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और निर्माण पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ग्रेटर नोएडा के बिसरख डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण और जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शुक्रवार को बिसरख के डूब क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाया। खसरा संख्या 135 की जमीन पर किए जा रहे अवैध निर्माण को बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया और करीब 30 हजार वर्गमीटर जमीन को कब्जे से मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति कोई भी निर्माण स्वीकार्य नहीं है और भविष्य में भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।


अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी पर चला अभियान

अभियान का नेतृत्व कर रहे प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि संबंधित जमीन पर कालोनाइजर अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी कर रहे थे और बाउंड्री बनाकर कब्जा मजबूत करने की कोशिश की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद परियोजना विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को तोड़ दिया। वर्क सर्किल-3 के प्रबंधक रोहित गुप्ता और सहायक प्रबंधक राजीव कुमार की टीम ने जेसीबी और डंफर की मदद से कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों का कहना है कि अगर दोबारा कब्जे की कोशिश की गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सीईओ ने अवैध कब्जों के खिलाफ सख्ती जारी रखने के दिए निर्देश

प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को निर्देश दिए हैं कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जा और निर्माण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखी जाए। परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि लोगों को जमीन खरीदने से पहले पूरी जानकारी लेना जरूरी है ताकि वे कालोनाइजरों के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई न गंवाएं। प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले भूलेख विभाग से सत्यापन अवश्य कर लें। अभियान के बाद इलाके में अवैध निर्माण करने वालों में डर का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *