नोएडा में दबंगों ने हड़प ली महिला की जमीन, फिर फर्जी कागज बनाकर बेचा, 63 लोगों पर एफआईआर दर्ज

top-news
नोएडा के हैवतपुर गांव में महिला की जमीन के फर्जी दस्तावेज बनाकर कई लोगों को बेचने के आरोप लगे हैं। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तिरसठ आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने मारपीट और धमकी के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

नोएडा। हैवतपुर गांव में जमीन से जुड़े एक बड़े विवाद का मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने आरोप लगाया है कि उनकी जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे कई लोगों को बेच दिया गया। मामले में कोर्ट के आदेश के बाद सेक्टर-113 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 63 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों में बिहार, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों के लोग शामिल बताए जा रहे हैं। पीड़िता का कहना है कि जमीन के दस्तावेजों में उनके नाम का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये की संपत्ति का सौदा कर दिया गया। लंबे समय तक सुनवाई न होने पर महिला को अदालत की शरण लेनी पड़ी, जिसके बाद पुलिस ने अब केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


महिला के साथ की गई मारपीट
पीड़िता का आरोप है कि जब उन्हें अपनी जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े की जानकारी मिली तो वह आरोपियों से बात करने के लिए मौके पर पहुंचीं। वहां मौजूद लोगों से पूछताछ के दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिला का कहना है कि घटना के बाद वह पुलिस के पास शिकायत लेकर गईं, लेकिन वहां उनकी बात पर तुरंत कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्याय पाने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद मामले में एफआईआर दर्ज कराने का आदेश जारी हुआ।


प्लॉट पर अवैध कब्जा करके बेच दिया
बहलोलपुर निवासी मुन्नी देवी ने पुलिस को बताया कि हैवतपुर स्थित गाटा संख्या-330 में वह चार हिस्सेदारों में से एक हैं। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने मिलकर साजिश रची और उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया। बाद में उसी जमीन को अलग-अलग लोगों को बेच दिया गया। जब उन्होंने बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की प्रतियां निकलवाईं तो उन्हें पता चला कि उनके नाम का इस्तेमाल कर जमीन का सौदा कर दिया गया। इस खुलासे के बाद उन्हें पूरे मामले की जानकारी हुई और उन्होंने कानूनी कार्रवाई शुरू की।


खाता खोल फर्जी तरीके से कराया जीपीए
पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उनके नाम से एक फर्जी बैंक खाता खुलवाया और उसी आधार पर सामान्य पावर ऑफ अटॉर्नी (जीपीए) तैयार कर जमीन के फर्जी बैनामे कर दिए गए। महिला का कहना है कि उन्होंने कभी किसी को मुख्त्यारनामा नहीं दिया और न ही जमीन की बिक्री से जुड़ी कोई रकम उनके बैंक खाते में आई। उनका दावा है कि सारे दस्तावेज फर्जी तरीके से तैयार किए गए और उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं दी गई।


दस्तावेजों में हेरफेर कर किया सौदा
महिला का आरोप है कि दस्तावेजों में हेरफेर कर उनकी जमीन करोड़ों रुपये में बेच दी गई। उन्होंने बताया कि 21 मई 2025 को वह अपने भतीजे के साथ जमीन की स्थिति देखने पहुंचीं। वहां मौजूद लोगों से जब उन्होंने जमीन को लेकर सवाल किया तो उनके साथ मारपीट की गई। अब कोर्ट के आदेश के बाद सेक्टर-113 थाने में 63 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू हो चुकी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *