नोएडा में आयकर विभाग की नई पहल, आउटरीच प्रोग्राम के जरिए छात्र-छात्राओं को दी आय से जुड़ी जरूरी जानकारी

top-news
नोएडा की एमिटी यूनिवर्सिटी में आयकर विभाग ने छात्रों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें कर नियमों, अनुपालन और नई कर व्यवस्था की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र ऑफलाइन और हजारों छात्र ऑनलाइन जुड़े।

नोएडा में आयकर विभाग और एमिटी यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को “आयकर अधिनियम के तहत अनुपालन और करदाता सेवाएं” विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कर प्रणाली, नियमों के पालन और करदाता सेवाओं की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर्णा करन ने की, जो आयकर विभाग उत्तर प्रदेश (पश्चिम) की प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त हैं। कार्यक्रम का आयोजन एमिटी यूनिवर्सिटी के सहयोग से किया गया, जिसमें छात्रों और शिक्षकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।


300 से अधिक छात्र ऑफलाइन, हजारों छात्र ऑनलाइन जुड़े

कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्र, फैकल्टी और स्टाफ सदस्य ऑफलाइन मौजूद रहे, जबकि एमिटी के विभिन्न परिसरों से लगभग 15 हजार से ज्यादा छात्र ऑनलाइन सेशन के जरिए जुड़े। अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि आयकर नियमों को समझना और समय पर अनुपालन करना भविष्य की वित्तीय योजना के लिए बेहद जरूरी है। इस दौरान शिवदान सिंह भदौरिया ने कहा कि देश के विकास में करदाताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और विभाग करदाताओं को सुविधा प्रदान करने के लिए लगातार काम कर रहा है। कार्यक्रम में कर प्रणाली को लेकर छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया और उन्हें ईमानदार टैक्स भुगतान के महत्व को समझाया गया।


नए आयकर नियमों और बदलावों की दी गई विस्तृत जानकारी

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में मीनाक्षी झा गोस्वामी ने करदाता-अनुकूल व्यवस्था और पारदर्शिता पर जोर दिया। इसके बाद सुधीर कुमार शर्मा ने नए आयकर अधिनियम 2025 और आगामी प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया। वहीं, गैर-लाभकारी संस्थाओं से जुड़े नियमों पर डॉ. अमरजोत ने प्रस्तुति दी और टीडीएस प्रणाली को लेकर वेद प्रकाश ने छात्रों को जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र हुआ, जिसमें छात्रों ने कर प्रणाली से जुड़े सवाल पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *