यमुना एक्सप्रेसवे के पास खुले में डंप हो रहा कूड़ा, दकनौर नगर पंचायत पर स्थानीय लोगों ने जताया विरोध
- Shiv Kumar
- 14 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे के सलारपुर अंडरपास के पास खुले में कूड़ा फेंके जाने से स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। आरोप है कि दनकौर नगर पंचायत द्वारा पिछले कई दिनों से इस स्थान पर कूड़े के ढेर लगाए जा रहे हैं, जिससे आसपास के इलाकों में गंदगी और दुर्गंध फैल गई है। हालात ऐसे हो गए हैं कि यहां से गुजरने वाले राहगीरों को नाक पर रुमाल रखकर निकलना पड़ रहा है। खासकर कस्बे से आने-जाने वाले लोगों और सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दुर्गंध और गंदगी से जनजीवन प्रभावित
स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले में कूड़ा डालने से पूरे इलाके में बदबू फैल रही है। हवा के साथ दुर्गंध दूर-दराज तक पहुंच रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुहाल हो गया है। सुबह के समय टहलने जाने वाले लोग गंदगी और बदबू के कारण बाहर निकलने से बच रहे हैं। इसके अलावा सड़क किनारे कूड़े के ढेर होने से यातायात भी प्रभावित हो रहा है। लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रही है, जबकि यह स्वास्थ्य के लिहाज से बड़ा खतरा बनती जा रही है।
पहले भी लग चुका है प्रतिबंध, फिर शुरू हुआ कूड़ा डंप
स्थानीय निवासियों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने इस स्थान पर कूड़ा डालने पर सख्त आपत्ति जताई थी। उस समय नगर पंचायत को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि यहां कूड़ा डंप नहीं किया जाए, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चेतावनी के बाद कुछ समय तक स्थिति में सुधार हुआ और कूड़ा डालना बंद कर दिया गया था, लेकिन अब एक बार फिर उसी जगह पर खुलेआम कूड़ा फेंका जा रहा है। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
मच्छर और संक्रमण फैलने का खतरा, आंदोलन की चेतावनी
क्षेत्रवासियों को आशंका है कि खुले में पड़े कूड़े से मच्छर पनपेंगे और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ेगा। स्थानीय निवासी विवेक कसाना, नवीन, अमित, कुलदीप और सुभाष का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे दनकौर नगर पंचायत के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है ताकि कूड़ा हटाकर स्थायी समाधान निकाला जा सके।
नगर पंचायत का पक्ष
इस मामले में दनकौर नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि दीपक कुमार ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार जिलाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा और लोगों को राहत मिलेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






