ग्रेटर नोएडा में सड़क जाम के मामले में प्रशासन का सख्त एक्शन, 42 पर दर्ज की एफआईआर, मौत पर हुआ था हंगामा
- Shiv Kumar
- 14 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बा में 8 फरवरी को हुए सड़क हादसे के बाद सड़क जाम और प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में 12 नामजद समेत कुल 42 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामला उस समय गरमाया जब दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजन और स्थानीय लोग आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
धरने के दौरान जाम से यातायात व्यवस्था ठप
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बबलू की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद परिजन और समर्थक बिहारी लाल चौक पर धरने पर बैठ गए थे। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की और जल्द कार्रवाई का भरोसा भी दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए। धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती गई और मुख्य मार्ग पूरी तरह जाम हो गया। कई घंटे तक यातायात बाधित रहने से आसपास के क्षेत्रों में भी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके पर अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।
पुलिस ने सख्ती दिखाकर खाली कराया रास्ता
स्थिति नियंत्रण से बाहर जाती देख उत्तर प्रदेश पुलिस ने सख्ती बरतते हुए प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया और यातायात को सामान्य कराया। बाद में दनकौर चौकी पर तैनात दरोगा शुभम गुप्ता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया। दर्ज रिपोर्ट में जगन, गीता, मुकेश, देवेंद्र, जोगेंद्र, सुशील, अमित, गोलू, रवि गौतम उर्फ सिंग्गन, अशोक, बबीत और दिनेश सहित 12 नामजद और 30 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






