ग्रेटर नोएडा में बिना मजल कुत्ता टहलाने पर हंगामा, स्थानीय लोगों के साथ डॉग आनर की तीखी बहस, पुलिस में शिकायत दर्ज
- Shiv Kumar
- 16 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा जैसे रिहायशी सोसायटियों में पालतू कुत्तों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला अजनारा होम्स सोसायटी से सामने आया है, जहां बिना मजल लगाए कुत्ता घुमाने को लेकर निवासियों और डॉग ऑनर के बीच तीखी बहस हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि पार्क में मौजूद परिवारों और बच्चों के बीच अचानक कई आवारा कुत्ते आ गए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया और इसके बाद विवाद बढ़ गया। मामले में पुलिस को लिखित शिकायत भी दी गई है।
बिना मजल कुत्ता घुमाने पर बढ़ा विवाद
निवासियों के अनुसार, सोसायटी के टावर एन का एक निवासी अपने पालतू कुत्ते को टावर एल के पास बिना मजल लगाए टहला रहा था। उसी दौरान पालतू कुत्ते के पीछे कई आवारा कुत्ते भी पार्क की ओर आ गए, जहां बच्चे खेल रहे थे। इससे वहां मौजूद एक महिला घबरा गई और बच्चों को तुरंत हटाया गया। जब कुछ लोगों ने डॉग ऑनर को नियमों का पालन करने की सलाह दी, तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। निवासियों का कहना है कि सोसायटी में पहले भी कुत्तों के कारण डर और असुरक्षा की स्थिति बन चुकी है, लेकिन नियमों का पालन नहीं हो रहा।
निवासियों ने सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
स्थानीय निवासी चंदन सिन्हा सहित कई लोगों का कहना है कि सोसायटी परिसर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही कुछ पालतू कुत्ता मालिक भी सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करते, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि पहले भी कुत्ते काटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद सख्ती नहीं हो रही। निवासियों ने मांग की है कि सोसायटी प्रबंधन और प्रशासन मिलकर स्पष्ट नियम लागू करें, ताकि पार्क और कॉमन एरिया सभी के लिए सुरक्षित बने रहें।
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत
मामला बढ़ने के बाद निवासियों ने इसकी शिकायत बिसरख थाना पुलिस से की है। इसके अलावा इसी तरह के एक अन्य विवाद को लेकर चेरी काउंटी पुलिस चौकी में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से बातचीत की जाएगी। वहीं सोसायटी के कई लोग अब उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही पालतू जानवरों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश लागू किए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसे विवाद न हों।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






