फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' पर विवाद, किसान संगठनों ने दी चेतावनी, कहा- तनाव बढ़ने से पहले बदलें नाम
- Shiv Kumar
- 16 Feb, 2026
नोएडा के किसान संगठनों ने फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' को लेकर आपत्ति जताई है। उन्होंने सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय, सेक्टर-19 पर एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है और फिल्म का नाम बदलने की मांग की है। संगठन ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि फिल्म के टाइटल को लेकर समाज में बढ़ रही नाराजगी को गंभीरता से लिया जाए और समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि किसी तरह का सामाजिक तनाव पैदा न हो। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज में शांति और भाईचारा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी तरह का विवाद नहीं होना चाहिए।
फिल्म के शीर्षक पर जताई आपत्ति, सामाजिक सौहार्द की अपील
भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) के प्रदेश अध्यक्ष परविंदर सिंह यादव ने कहा कि संगठन ने प्रशासन के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले पर संज्ञान लेने की मांग की है। संगठन का कहना है कि प्रस्तावित फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” के नाम में प्रयुक्त जातिसूचक शब्द से कुछ समुदायों में असंतोष पैदा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि फिल्म के प्रदर्शन से पहले इस विषय पर गंभीरता से विचार कर सामाजिक समरसता और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए।
27 फरवरी से पहले निर्णय लेने की मांग
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि फिल्म का प्रदर्शन आगामी 27 फरवरी को प्रस्तावित है, इसलिए प्रशासन को समय रहते उचित निर्णय लेना चाहिए। उनका कहना है कि किसी भी जाति या समुदाय के नाम को लेकर विवाद खड़ा होना पूरे समाज के लिए उचित नहीं है। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी का विरोध करना नहीं, बल्कि समाज में भाईचारा और आपसी सम्मान बनाए रखना है। कार्यक्रम में संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष समीक्षा कर उचित समाधान निकालने की मांग की।
पदाधिकारियों की मौजूदगी से कार्यक्रम में दिखी एकजुटता
ज्ञापन सौंपने के दौरान राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें एम.पी. यादव, विनोद यादव, प्रेम सिंह, नरेंद्र यादव, सोनू यादव, चंदन यादव, राजन ठाकुर, गौरव भाटी, जोगिंदर यादव, रविंद्र यादव, शिवम शर्मा समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे। संगठन ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है और वे प्रशासन के निर्णय का सम्मान करेंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






