नोएडा में सिम अपग्रेड के नाम पर हो गया कांड, 4 दिन मोबाइल हैक, 8 बार में 25 लाख का चूना, पूरा मामला जान आप कहेंगे- हम न करेंगे ये गलती
- Shiv Kumar
- 17 Feb, 2026
नोएडा सेक्टर-82 स्थित विवेक विहार में रहने वाली एक आईटी इंजीनियर महिला साइबर ठगी का शिकार हो गईं। ठग ने खुद को टेलीकॉम कंपनी का कर्मचारी बताकर 4जी सिम को 5जी में अपग्रेड करने का झांसा दिया और बिना जानकारी दिए उनके नाम पर ई-सिम जारी करा दिया। इसके बाद महिला का मोबाइल अचानक बंद हो गया और अगले चार दिनों में बैंक खातों व क्रेडिट कार्ड से कुल 24 लाख 86 हजार रुपये आठ अलग-अलग ट्रांजेक्शन में ट्रांसफर कर लिए गए। जब तक परिवार को ठगी का पता चला, तब तक खाते लगभग खाली हो चुके थे।
4जी से 5जी अपग्रेड का झांसा बन गया जाल
पीड़िता के अनुसार, चार फरवरी को उनके मोबाइल पर कॉल आई, जिसमें कॉलर ने खुद को Airtel का कर्मचारी बताते हुए 4जी सिम को 5जी में अपग्रेड करने की बात कही। तकनीकी प्रक्रिया समझाकर उनसे सहमति ले ली गई। इसके कुछ ही समय बाद उनका मोबाइल नेटवर्क बंद हो गया। ठग ने फिर कॉल कर कहा कि 5जी अपग्रेड के लिए ई-सिम जरूरी है और फोन कुछ समय के लिए बंद रहेगा। इसी दौरान आरोपी अलग-अलग नंबरों से तकनीकी समस्या का हवाला देता रहा, जिससे महिला को शक नहीं हुआ और इसी बीच बैंक खातों तक पहुंच बना ली गई।
चार दिन बंद रहा फोन, खाते और कार्ड से निकली रकम
मोबाइल लगातार चार दिन तक बंद रहने के बाद महिला आठ फरवरी को कंपनी स्टोर पहुंचीं, जहां नई सिम जारी कराई गई। फोन चालू होने पर जब बैंक खातों की जांच की गई तो ठगी का खुलासा हुआ। ठग ने Axis Bank और ICICI Bank के खातों के साथ-साथ क्रेडिट कार्ड से भी रकम निकाल ली थी। परिवार ने तुरंत बैंक को सूचना देकर ऑनलाइन एक्सेस बंद कराया और कार्ड ब्लॉक कराए। तब पता चला कि कई ट्रांजेक्शन अलग-अलग खातों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए किए गए थे।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से रकम ट्रांसफर, पुलिस जांच शुरू
जांच में सामने आया कि रकम का कुछ हिस्सा Amazon, Freecharge और PhonePe जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए ट्रांसफर किया गया। महिला के पति ने तुरंत National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर ट्रांजेक्शन के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सिम अपग्रेड या बैंकिंग से जुड़े कॉल पर तुरंत सतर्क रहना जरूरी है, ताकि ऐसी ठगी से बचा जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






