ग्रेटर नोएडा के श्रेयस मिश्रा ने JEE MAINS प्रथम सत्र में दिल्ली में किया टॉप, टाइम मैनेजमेंट से 100 पर्सेंटाइल किया हासिल
- Shiv Kumar
- 17 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की रॉयल नेस्ट सोसाइटी में रहने वाले छात्र श्रेयस मिश्रा ने जेईई मेन्स के पहले सत्र में 100 पर्सेंटाइल हासिल कर दिल्ली स्टेट में टॉप किया है। इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और इलाके में खुशी का माहौल है। श्रेयस फिलहाल 12वीं के छात्र हैं और अपनी अगली परीक्षाओं की तैयारी में भी जुटे हुए हैं। परिवार का कहना है कि श्रेयस शुरू से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर रहे हैं और उन्होंने मेहनत के साथ सही रणनीति अपनाकर यह सफलता हासिल की है।
सोशल मीडिया से दूरी और समझकर पढ़ाई बनी सफलता की कुंजी
श्रेयस पढ़ाई के लिए दिल्ली के रोहिणी स्थित कुलाची हंसराज मॉडल स्कूल में पढ़ते हैं और हॉस्टल में रहकर अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान देते रहे। उनका कहना है कि उन्होंने रटने की बजाय हर विषय को समझने पर जोर दिया। सोशल मीडिया और अनावश्यक गतिविधियों से दूरी बनाकर उन्होंने अपना पूरा फोकस पढ़ाई पर रखा। श्रेयस के मुताबिक, उन्हें खुद भी विश्वास नहीं हो रहा कि 100 पर्सेंटाइल आए हैं। अब वह 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी में लगे हैं और जल्द होने वाली परीक्षा को लेकर पूरी तैयारी कर रहे हैं, ताकि आगे की पढ़ाई के रास्ते मजबूत हो सकें।
टाइम मैनेजमेंट और रोज अभ्यास से मिली बड़ी सफलता
श्रेयस बताते हैं कि सफलता के लिए टाइम मैनेजमेंट सबसे जरूरी है। वह रोजाना पढ़ाई के लिए तय समय निकालते थे और हर विषय को संतुलित तरीके से पढ़ते थे। उनका कहना है कि लगातार अभ्यास और सही टाइम टेबल बनाकर पढ़ाई करने से तैयारी मजबूत होती है। अब उनका अगला लक्ष्य जेईई मेन्स सत्र-2 और एडवांस परीक्षा में भी अच्छा प्रदर्शन करना है। परिवार के अनुसार, घर में हमेशा पढ़ाई का माहौल रहा है। उनकी मां एमिटी विश्वविद्यालय में कंप्यूटर साइंस विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर हैं, जबकि पिता साइबर सिक्योरिटी क्षेत्र से जुड़े हैं, जिससे श्रेयस को पढ़ाई का अच्छा माहौल मिला।
नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बना छात्र
स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रेयस की सफलता उन छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो बड़े लक्ष्य हासिल करना चाहते हैं। परिवार और शिक्षकों का मानना है कि मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में तैयारी से कोई भी छात्र बड़ी सफलता पा सकता है। अब सबकी नजर श्रेयस के आगे के प्रदर्शन पर है, जहां वह देश के शीर्ष संस्थानों में प्रवेश पाने की तैयारी कर रहे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






