यमुना पुश्ता पर 23 किलोमीटर एलिवेटेड रोड बनाएगा यूपीडा, नोएडा एयरपोर्ट को सीधे दिल्ली से जोड़ने की तैयारी
- Shiv Kumar
- 17 Feb, 2026
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बेहतर और सीधी कनेक्टिविटी देने के लिए पुश्ता मार्ग पर करीब 23 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाने की योजना को आगे बढ़ा दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक इस परियोजना को पहले ही प्राधिकरण बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है और अब इसके निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण संभालेगा। इस परियोजना पर आने वाला खर्च नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण मिलकर वहन करेंगे। इस रोड के बनने से मौजूदा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
छह लेन एलिवेटेड रोड से एयरपोर्ट तक आसान सफर
यह प्रस्तावित एलिवेटेड रोड छह लेन की होगी और ओखला बैराज से शुरू होकर हिंडन-यमुना क्षेत्र को पार करते हुए सीधे यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंचेगी। इससे दिल्ली और आसपास के इलाकों से आने वाले यात्रियों को सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा। पहले इस परियोजना के निर्माण को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को देने पर विचार किया गया था, लेकिन बाद में निर्णय लिया गया कि परियोजना का क्रियान्वयन राज्य स्तर पर ही किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे काम तेजी से आगे बढ़ सकेगा।
कई सेक्टरों को मिलेगा सीधा कनेक्शन, ट्रैफिक दबाव होगा कम
योजना के तहत इस एलिवेटेड ट्रैक से सेक्टर-168 एफएनजी और सेक्टर-150 के आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने के लिए लूप और अंडरपास भी बनाए जाएंगे, जिससे स्थानीय यातायात को भी सुविधा मिलेगी। अभी नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रा के लिए एक्सप्रेसवे पर काफी दबाव रहता है। नई रोड बनने से दिल्ली, हरियाणा या आगरा-लखनऊ की ओर जाने वाला ट्रैफिक शहर में प्रवेश किए बिना सीधे आगे निकल सकेगा। इससे जाम और प्रदूषण दोनों कम होंगे, वहीं भविष्य में एयरपोर्ट शुरू होने के बाद बढ़ने वाले ट्रैफिक को भी आसानी से संभाला जा सकेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






