नोए़डा पुलिस का सख्त एक्शन, 30 किलो गांजा के साथ तीन को दबोचा, पश्चिम बंगाल से ट्रेन और ट्रक में छिपाकर लाते थे गांजा
- Shiv Kumar
- 18 Feb, 2026
नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में पुलिस और नार्कोटिक्स विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने सेक्टर-72 इलाके से तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 30 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे। कार्रवाई के बाद आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पश्चिम बंगाल और उड़ीसा से लाकर एनसीआर में करते थे सप्लाई
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल हक, आलम हुसैन और बिलाल हुसैन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी हैं और नशे का सामान ओडिशा और पश्चिम बंगाल से सस्ते दामों में लाकर एनसीआर के शहरों में बेचते थे। आरोपी ट्रेन और ट्रक के जरिए सामान को छिपाकर लाते थे और बड़े स्टेशनों से पहले उतरकर पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करते थे, ताकि उन पर किसी को शक न हो। इसके बाद वे नोएडा और आसपास के जिलों में माल की सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस तस्करी के मुख्य सप्लायर और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
पीजी स्टूडेंट्स और मजदूर वर्ग को बनाते थे निशाना
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी खास तौर पर पीजी में रहने वाले छात्रों और मजदूर वर्ग के लोगों को निशाना बनाते थे, जहां मांग ज्यादा रहती है। पुलिस के अनुसार, तस्करी से कमाए पैसे को आरोपी अपने निजी खर्च और मौज-मस्ती में उड़ाते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए वे झुग्गी या अस्थायी किराए के मकानों में रहते थे, ताकि आसानी से ट्रैक न हो सकें। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा हो सकता है। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






