नोएडा में आज से फ्लॉवर शो, चार दिनों तक फूलों की खुशबू से महकेगा पूरा शहर, तस्वीरें देख खुश हो जाएंगे आप

top-news
नोएडा के सेक्टर-33ए शिल्पहाट शिवालिक पार्क में 19 से 22 फरवरी तक फ्लावर शो आयोजित होगा। केदारनाथ मंदिर की 40 फीट ऊंची फ्लोरल प्रतिकृति मुख्य आकर्षण रहेगी। 90 स्टॉल, 38 नर्सरी और चार दिनों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से शहरवासियों को खास अनुभव मिलेगा।

नोएडा में 19 से 22 फरवरी तक चार दिनों का भव्य फ्लावर शो आयोजित किया जा रहा है। इसकी सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने बताया कि यह आयोजन सेक्टर-33ए स्थित शिल्पहाट शिवालिक पार्क में होगा। गुरुवार दोपहर बाद इसका औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। इस बार शो को खास धार्मिक और सांस्कृतिक थीम के साथ तैयार किया गया है, ताकि शहरवासियों को कुछ नया और यादगार अनुभव मिल सके। आयोजन स्थल पर रंग-बिरंगे फूलों से सजी आकर्षक संरचनाएं लोगों को अपनी ओर खींचेंगी।




केदारनाथ मंदिर की भव्य फ्लोरल झलक बनेगी मुख्य आकर्षण

इस फ्लावर शो की सबसे बड़ी खासियत केदारनाथ मंदिर की भव्य फ्लोरल प्रतिकृति है। फूलों से तैयार यह संरचना करीब 30 फीट लंबी और 40 फीट ऊंची बनाई गई है। शो का मुख्य द्वार भी केदारनाथ थीम पर तैयार किया गया है, जिसकी लंबाई 22 फीट और ऊंचाई लगभग 25 फीट है। मंदिर के सामने फूलों से बना त्रिशूल, डमरू और नंदी भी स्थापित किए गए हैं, जिनकी लंबाई करीब 8 फीट और ऊंचाई 3 फीट है। इसके अलावा करेले से 6 फीट ऊंचा हाथी तैयार किया गया है, जो लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगा। मुख्य पाथवे और बास्केट सजावट भी करीब 7 फीट ऊंचाई में तैयार की गई है।




90 स्टॉल, 38 नर्सरी और चार दिन के रंगारंग कार्यक्रम

फ्लावर शो में 90 से अधिक स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जिनमें 38 नर्सरी शामिल हैं। कुछ नर्सरी कलिम्पोंग और भीमताल से भी आ रही हैं। यहां बीज, खाद, नर्सरी उत्पाद, खेती के औजार, सजावटी गमले और उद्यान से जुड़ा अन्य सामान उपलब्ध रहेगा। 19 फरवरी को सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह उद्घाटन करेंगे, साथ ही आईटीबीपी बैंड प्रस्तुति देगा। 20 फरवरी को बैंड शो होगा, 21 फरवरी को गार्डन प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन और पुरस्कार वितरण होगा। 22 फरवरी को बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता और समापन समारोह में कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न रसों के कवि अपनी प्रस्तुति देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *